Last Updated:
Investment in Invit : एक निवेशक के तौर पर आपको हमेशा ऐसे विकल्प की तलाश रहती है, जहां आपका पैसा भी सुरक्षित रहे और अच्छा रिटर्न भी मिले. इनविट भी ऐसा ही विकल्प है, जहां से आप सीधे इन्फ्रा परियोजनाओं में पैसे लगा सकते हैं. इनविट ने पिछले साल अपने निवेशकों को करीब 23 हजार करोड़ रुपये बांटे हैं.
इनविट में निवेश करना म्यूचुअल फंड जितना ही आसान है.
नई दिल्ली. निवेशकों के लिए एक से बढ़कर एक नए-नए विकल्प तैयार हो रहे हैं. ऐसा ही एक विकल्प है इन्फ्रा निवेश ट्रस्ट यानी इनविट, जिसने अपनी शुरुआत के बाद से ही जमकर रिटर्न दिलाया है. इनविर्ट ने वित्त वर्ष 2025-26 में भी यूनिटधारकों को करीब 22,800 करोड़ रुपये का वितरण किया है. भारत इनविट एसोसिएशन (बीआईए) ने मंगलवार को आंकड़े जारी कर बताया वित्तवर्ष 2025-26 में इनविट ने 22,769 करोड़ रुपये का वितरण किया जिससे स्थापना के बाद से कुल वितरण 91,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
इनविट ने बताया कि इस दौरान इनकी प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) भी 2024-25 के 6.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 7.1 लाख करोड़ रुपये हो गईं. वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग दो लाख नए यूनिटधारकों के जुड़ने से सूचीबद्ध इनविट का कुल यूनिटधारक आधार 64 फीसदी बढ़ा है. इसका मतलब है कि इनविट में निवेश करना अब निवेशकों को काफी पसंद आने लगा है.
इनविट ने जुटाए करीब 2 लाख करोड़
एसोसिएशन ने बताया कि यह वृद्धि इनविट के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं स्वीकार्यता को भी दर्शाती है, विशेषकर उन खुदरा निवेशकों के बीच जो बुनियादी ढांचा परिसंपत्तियों से दीर्घकालिक और स्थिर आय की तलाश में हैं. वित्तवर्ष 2025-26 में इनविट ने शेयर के माध्यम से 1.97 लाख करोड़ रुपये जुटाए जबकि वित्तवर्ष 2024-25 में यह 1.75 लाख करोड़ रुपये था. उद्योग का कुल कर्ज 31 मार्च, 2026 तक 3.35 लाख करोड़ रुपये रहा है. भारत इनविट एसोसिएशन (बीआईए), देश में इनविट का शीर्ष उद्योग निकाय है. यह नियामकों, संस्थागत निवेशकों, अत्यधिक धनाढ्य लोगों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर पूंजी बाजार के माध्यम से बुनियादी ढांचा वित्तपोषण के भविष्य को आकार देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है.
क्या होता है इनविट
इन्फ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट यानी इनविट बिल्कुल म्यूचुअल फंड की तरह काम करता है. इसका रेगुलेशन भी सेबी ही करता है. जैसे म्यूचुअल फंड का आपके पैसों को शेयर बाजार, सोने और बॉन्ड में लगाते हैं, वैसे ही इनविट आपके पैसों को इन्फ्रा परियोजनाओं में लगाता है. यह इन्फ्रा परियोजना सड़क, हाइवे, टोल, पॉवर ट्रांसमिशन लाइन या गैस पाइपलाइन अथवा अन्य कोई भी प्रोजेक्ट हो सकता है. प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद जो कमाई होती है, उसे ही मुनाफे के तौर पर इसमें निवेश करने वालों में बांटा जाता है.
कैसे लगा सकते हैं पैसे
- इनविट में निवेश भी उसी प्लेटफॉर्म से हो सकता है, जहां से आप शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं.
- इसके लिए जिरोधा, ग्रो अथवा अन्य कोई ब्रोकिंग ऐप पर अपना डीमैट खाता खोलें.
- ऐप पर इनविट सर्च करके यहां लिस्टेड ऑप्शन में से अपनी पसंद का विकल्प चुनें.
- निवेश करने से पहले उसकी यील्ड यानी रिटर्न और एसेट की जांच जरूर कर लें.
- अगर कोई नई यूनिट आई है तो आप आईपीओ की तरह ब्रोकर के जरिये फ्रेश इनवेस्ट कर सकते हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें