Last Updated:
UP Electricity Supply : यूपी ने 17 जून का बिजली सप्लाई का रिकॉर्ड बना दिया, जब प्रदेश में तीन राज्यों के बराबर बिजली की खपत की गई. यूपीपीसीएल ने बताया कि आंधी और तमाम मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद प्रदेश में करीब 31 हजार मेगावाट की बिजली सप्लाई की गई है.
यूपी में बिजली की खपत रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच चुकी है.
नई दिल्ली. देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप चल रहा है, खासकर उत्तर भारत में तो लू के थपेड़ों ने कई इलाकों को भट्टी बना दिया है. यही वजह है कि यूपी जैसे बड़े राज्यों में बिजली की खपत लगातार बढ़ती जा रही है. 17 जून को यूपी में बिजली खपत और सप्लाई का नया रिकॉर्ड बन गया, जब प्रदेश में तीन राज्यों के कुल खपत जितनी बिजली की सप्लाई की गई. उत्तर प्रदेश की बिजली वितरण कंपनी यूपीपीसीएल ने बताया कि राज्य में बिजली की मांग 30,760 मेगावाट के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई है. बावजूद इसके पूरे राज्य में बिना रुके बिजली सप्लाई जारी है.
यूपीपीसीएल के मुताबिक, मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बिजली की मांग सबसे ज्यादा रही. 15 जून को 29,579 मेगावाट और 14 जून को 29,571 मेगावाट बिजली सप्लाई की गई. इतनी ज्यादा मांग के बावजूद राज्य में कहीं भी बड़ी बिजली संकट की स्थिति नहीं बनी. मांग के हिसाब से बिजली सप्लाई के मामले में यूपी ने तमिलनाडु, पंजाब और कर्नाटक जैसे कई राज्यों को एकसाथ पीछे छोड़ दिया है. लगातार रिकॉर्ड स्तर की बिजली सप्लाई राज्य सरकार की ऊर्जा क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की कोशिशों को दिखाती है.
शहर और गांव हर जगह सप्लाई
सरकार ने अधिकारियों को तय शेड्यूल के हिसाब से लोगों को बिना रुके बिजली सप्लाई के निर्देश दिए हैं. इसके चलते शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में बिजली की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है. यूपीपीसीएल ने बताया कि बिजली कर्मचारी तेज गर्मी, तेज हवा और बारिश के बावजूद लगातार काम कर रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारी सबस्टेशन और पावर हाउस का निरीक्षण कर रहे हैं. यूपीपीसीएल के निदेशक (वितरण) ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि राज्य लगातार बिजली की मांग पूरी कर रहा है और पूरी यूपीपीसीएल टीम दिन-रात काम कर रही है.
यूपी में कहां से होता है बिजली उत्पादन
यूपी में कई थर्मल पावर प्लांट हैं, जहां बिजली का उत्पादन होता है. इसमें उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की ओर से चलाए जा रहे अनपरा, ओबरा, पारीछा और हरदुआगंज के पावर प्लांट प्रमुख है, जहां से बिजली का उत्पादन किया जाता है. इसके अलावा एनटीपीसी भी यूपी की बड़ी मांग को पूरा करती है. एनटीपीसी के प्रदेश में रिहंद बांध, ऊंचाहार और सिंगरौली में प्लांट लगा हुआ है. इसके अलावा कानपुर के घाटमपुर में लेटेस्ट तकनीक वाला पावर प्लांट लगाया गया है.
यूपी में कितनी बिजली का उत्पादन
यूपी में मई के आंकड़े देखें तो करीब 10 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ है. यूनिट के हिसाब से देखा जाए तो यह करीब 1 करोड़ यूनिट रोजाना बैठता है. हालांकि, सप्लाई के लिहाज से देखा जाए तो 17 जून को यूपी में करीब 3,07,60000 यूनिट बिजली की खपत हुई है, रोजाना उत्पादन क्षमता से करीब तीन गुना ज्यादा है. इस आपूर्ति को पूरा करने के लिए राज्य के डिस्कॉम को बाहर से बिजली खरीदनी पड़ती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें