भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सहकारिता से जुड़े किसान दोगुनी कर सकते हैं अपनी आमदनी: सत्येंद्र चौहान




भास्कर न्यूज | दुमका संथाल परगना मंडल दुमका स्थित संयुक्त सहकारिता सभागार भवन में शुक्रवार को झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह सेमिनार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फेडरेशन के चेयरमैन सत्येंद्र चौहान शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रबंध निदेशक अफ्रेम जॉर्ज कुजूर, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल मौजूद रहे। अतिथियों का अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संथाल परगना प्रमंडल अंतर्गत संचालित सहकारी समितियों के पदाधिकारियों एवं सचिवों को समितियों के बेहतर संचालन, आर्थिक मजबूती, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन सत्येंद्र चौहान ने कहा कि दुमका प्रमंडल झारखंड राज्य की रीढ़ है। इसे ताकत देने वाली शक्ति यहां के किसान हैं। ये पैक्स और लैम्प्स के माध्यम से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्रालय के सचिव अबू बकर सिद्दीकी तथा विभागीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की सोच को आगे बढ़ाते हुए झारखंड कोऑपरेटिव फेडरेशन हर जिले व प्रमंडल में समिति सदस्यों को प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूक बनाने के अभियान में जुटा है। सत्येंद्र चौहान ने कहा कि भारत के निर्माण में सहकारिता का अहम योगदान रहा है। सहकारिता से जुड़कर किसान अपनी आमदनी दोगुनी कर सकते हैं। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए चेयरमैन ने कहा कि उन राज्यों में लैम्प्स और पैक्स इतने प्रगतिशील व सक्रिय हैं कि वहां हर तरफ किसान सफलता की नई कहानियां गढ़ रहे हैं। मौके पर अशोक सिन्हा, विवेक कुमार, उपेंद्र कुमार यादव, महादेव मुर्मू समेत दुमका सहित पूरे प्रमंडल से पैक्स और लैम्प्स से जुड़े सदस्य व पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top