Last Updated:
Jamshedpur Ground Report: जमशेदपुर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं. दरअसल कई जगहों पर नो स्टॉक का बोर्ड लगा दिया गया है जिससे लोग परेशान होकर टंकी फुल कराना चाहते हैं. हालांकि पंप मालिकों का कहना है कि डिपो से आपूर्ति देर से हो रही है इसलिए ऐसा है, जल्द ही हालात सामान्य होंगे. लोग बेकार में पैनिक कर रहे हैं और लाइन लगाकर पेट्रोल भरा रहे हैं.
जमशेदपुर. जमशेदपुर में एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. शहर के कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोग घंटों लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं. कुछ पेट्रोल पंपों पर तो ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड भी लगा दिया गया है, जिससे लोगों के बीच चिंता और बढ़ गई है. हालांकि पेट्रोलियम कंपनियों और पंप संचालकों का कहना है कि यह कोई बड़ा संकट नहीं है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.
लोकल 18 की टीम ने जब शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का जायजा लिया तो पाया कि अधिकांश जगहों पर वाहन चालकों की लंबी कतार लगी हुई है. कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवाने पहुंचे थे, जबकि कुछ लोग सिर्फ इस डर से पेट्रोल भरवा रहे थे कि आने वाले दिनों में कहीं तेल की किल्लत न हो जाए.
लगानी पड़ी लाइन
पेट्रोल भरवाने पहुंचे संतोष ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से वह लगातार तेल भरवाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कई जगह उन्हें पेट्रोल नहीं मिला. आज उनकी गाड़ी का ईंधन पूरी तरह खत्म हो गया था, इसलिए मजबूरी में लाइन में लगना पड़ा. वहीं रितु ने बताया कि वह बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं. पिछले दो दिनों से लगातार पेट्रोल पंपों पर भीड़ देख रही थीं, इसलिए किसी तरह का जोखिम लेने के बजाय आज लाइन में लगकर पेट्रोल भरवा लिया.
बोर्ड से डर गए
बलजीत कौर का कहना है कि शहर में जिस तरह कई पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक का बोर्ड लगा है, उससे लोगों को लग रहा है कि फिर से ईंधन संकट की स्थिति बन सकती है. हालांकि उनकी गाड़ी में अभी पेट्रोल मौजूद था, फिर भी उन्होंने टंकी भरवाना उचित समझा. वहीं शिखर ने बताया कि शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर या तो तेल खत्म हो चुका है या फिर लंबी कतार लगी हुई है. इसी कारण वह सुबह 6 बजे ही पेट्रोल पंप पहुंच गए और टंकी फुल करवा ली.
सामान्य है स्थिति
इस पूरे मामले पर गोलमुरी ऑटो सर्विस के मैनेजर आनंद राव ने बताया कि फिलहाल डिपो में तेल की नई रैक नहीं पहुंचने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है. इसी वजह से कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक की कमी देखी जा रही है. उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से घबराकर टंकियां फुल करवा रहे हैं, जिससे भीड़ और बढ़ रही है. उनके अनुसार आज शाम या अधिकतम कल सुबह तक नई आपूर्ति पहुंचने की संभावना है और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.
अफवाहों पर ध्यान न दें
उन्होंने यह भी साफ किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी की फिलहाल कोई सूचना नहीं है. इसलिए लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदना चाहिए. विशेषज्ञों का मानना है कि पैनिक बाइंग से ही ऐसी परिस्थितियां और गंभीर बनती हैं, इसलिए संयम और धैर्य बनाए रखना ही सबसे बेहतर उपाय है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें