Last Updated:
रांची में मुहर्रम जुलूस को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. आज और कल शहर के कई मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी. इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. जाम से बचने के लिए वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें.
AI से तैयार फोटो
रांचीः रांची में मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. 26 जून को शिया और 27 जून को सुन्नी समुदाय के द्वारा जुलूस निकाला जाएगा. इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर निजी और यात्री वाहनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा. पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी लेने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है.
आज इन मार्गों पर परिचालन प्रभावित
आज शुक्रवार को विकास चौक से काली मंदिर, रथ रोड, फतेहुल्लाह रोड होते हुए कर्बला चौक तक निकलने वाले जुलूस के कारण दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक रतन पीपी चौक–अल्बर्ट एक्का चौक, कर्बला चौक–काली मंदिर, कर्बला चौक–ब्लू हाउस और अर्जना चौक–काली मंदिर मार्ग पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
कल इन मार्गों पर परिचालन प्रभावित
वहीं, कल शनिवार को मुख्य मुहर्रम जुलूस के दौरान शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर, शहीद चौक, कचहरी चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, बड़ी तालाब, प्लाजा चौक, पुरुलिया रोड, सरजना चौक, सुजाता चौक, कर्बला चौक, क्लब रोड, रेडिसन ब्लू होटल, रांची क्लब, डेली मार्केट, हिंदपीढ़ी, तुलसी चौक और अंबेडकर चौक सहित कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा.
मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने शुक्रवार को शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला. यह मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोकर इलाके से होकर गुजरा. फ्लैग मार्च में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न थानों के प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस और बाइक दस्ता के जवान शामिल रहे. पुलिस ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.