केतार|लोहिया समता उच्च विद्यालय के प्रांगण में गुरुवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाली सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बीपीएम अरविंद पासवान ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण दौर होता है, लेकिन इसी उम्र में कई बच्चे गलत संगति और उत्सुकतावश नशे की लत का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि व्यक्ति के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
Source link