- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- JSSC Recruitment 2020: 12th Pass Candidates Apply For 326 Posts; Applications Begin July 20, With 10 year Age Relaxation
रांची22 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (जेआईएलसीसीई)-2026 के तहत 326 पदों पर नियुक्ति के लिए वैकेंसी निकाली है। ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई से शुरू होंगे और 19 अगस्त तक लिए जाएंगे। आयोग ने अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष तक की अतिरिक्त छूट भी दी है, जिससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलेगी।
सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है। अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी 37 वर्ष तक आवेदन कर सकेंगे। महिलाओं के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष और एसटी-एससी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
इन पदों पर होगी नियुक्ति
हेल्थ सुपरवाइजर: 137 बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता: 62 मात्स्यिकी सहायक: 41 किट संग्रहकर्ता: 32 कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक: 27 वेटरनरी सहायक: 27 कुल पद: 326
जानिए… भर्ती परीक्षा का पैटर्न
प्रारंभिक परीक्षा में 120 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। इसमें सामान्य अध्ययन से 30, झारखंड राज्य से संबंधित सामान्य ज्ञान के 40, सामान्य गणित के 10, सामान्य विज्ञान के 10 और मानसिक क्षमता जांच के 30 प्रश्न होंगे। यह परीक्षा केवल स्क्रीनिंग टेस्ट होगी। क्वालिफाइंग अंक सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, बीसी-2 के लिए 36.5 प्रतिशत, बीसी-1 के लिए 34 प्रतिशत, एससी-एसटी के लिए 32 प्रतिशत तथा आदिम जनजाति वर्ग के लिए 30 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं। मुख्य परीक्षा तीन पेपर की होगी।
आयोग बोला-50 हजार से कम आवेदन आए तो नहीं होगी प्रारंभिक परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) और मुख्य परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 50 हजार से कम रहती है तो प्रारंभिक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थियों को सीधे मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
