![]()
गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरियाधौरा गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक मजदूर पर जानलेवा हमला करते हुए धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। घायल की पहचान गांव निवासी मो. मकसूद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मकसूद रोज की तरह मजदूरी कर देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी से धारदार हथियार से उनका गला काट दिया और मौके से फरार हो गए। हमले के बाद मकसूद खून से लथपथ सड़क किनारे पड़े मिले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर हालत में धनबाद रेफर घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर घायल मकसूद पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच में जुटी, आवेदन का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link