Last Updated:
रांची के ओरमांझी में अवैध शराब बनाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई हुई है. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के करीबी माने जाने वाले सुबोध राय को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी में उनकी बॉटलिंग फैक्ट्री सील कर दी गई. फैक्ट्री के मैनेजर और एक ट्रक ड्राइवर को भी जेल भेजा गया. जांच में दो ब्रांड के लाइसेंस पर कई ब्रांड की शराब बनाने का आरोप सामने आया. छापे में 70 पेटी अवैध शराब भी बरामद हुई है.
सुबोध राय
रांची: झारखंड के रांची जिले में अवैध शराब बनाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की गई है. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के करीबी माने जाने वाले सुबोध राय को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके ओरमांझी स्थित बॉटलिंग प्लांट को भी सील कर दिया गया है.
ये कार्रवाई रांची के ओरमांझी में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी के बाद की गई. मंगलवार रात अधिकारियों ने तरंगनी बॉटलर्स के परिसर में छापा मारा. जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद सुबोध राय को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में फैक्ट्री के मैनेजर और एक ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया है. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.
जांच में पता चला कि तरंगनी बॉटलर्स के पास सिर्फ दो तरह की शराब बनाने का लाइसेंस था. लेकिन आरोप है कि फैक्ट्री में दूसरे कई ब्रांड की शराब भी बनाई जा रही थी. इसके बाद इस शराब की सप्लाई अलग-अलग जगहों पर की जा रही थी. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री के गोदाम की भी तलाशी ली. वहां से 70 पेटी अवैध शराब बरामद की गई. इन शराब की पेटियों पर ‘Sale Only in UP’ और ‘Sale Only in Delhi’ लिखा हुआ था. इससे शक है कि नियमों का उल्लंघन कर शराब का उत्पादन और सप्लाई की जा रही थी.
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में कितने समय से यह काम चल रहा था. यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब किन राज्यों में भेजी जा रही थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं. कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने बॉटलिंग प्लांट को सील कर दिया है. फैक्ट्री में रखे दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है. उत्पाद विभाग का कहना है कि मामले की गहराई से जांच होगी. यदि जांच में और गड़बड़ियां मिलती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…और पढ़ें