![]()
जुमार पुल के निकट 6 मीटर राइजिंग पाइप लाइन बदली जा रही, साथ में मरम्मत भी रांची में पानी संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को शहर के कम से कम 5 लाख लोगों को पानी नहीं मिला। वहीं गुरुवार को भी जलापूर्ति बंद रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। जुमार पुल के पास 6 मीटर राइजिंग पाइपलाइन बदलने और उसकी मरम्मत का काम चल रहा है। इसके कारण एक और दो जुलाई को गेतलसूद डैम स्थित पुराने रूक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को पूरी तरह बंद रखा गया है। प्लांट बंद रहने से बूटी जलागार तक पानी नहीं पहुंच सका। इसका असर बूटी जलागार से जुड़ी सभी जलापूर्ति लाइनों पर पड़ा। बुधवार और गुरुवार को इन इलाकों में पानी की सप्लाई ठप रही। कई इलाकों में लोगों को रोजमर्रा के काम तक प्रभावित होने लगे। लोग सुबह से पानी का इंतजार करते रहे, लेकिन नलों में पानी नहीं आया। कई परिवारों को जरूरत के लिए पानी बचाकर इस्तेमाल करना पड़ा। घरों में पानी खत्म होने से लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार मरम्मत का काम जारी है। उम्मीद जताई गई है कि गुरुवार शाम तक काम पूरा कर लिया जाएगा और इसके बाद जलापूर्ति सामान्य होने लगेगी। बिन पानी सब सून… इंतजाम में जुटे रहे सभी : जलापूर्ति प्रभावित होने के बाद लोगों की निर्भरता सरकारी बोरिंग, नगर निगम के टैंकरों और निजी बोरिंग पर बढ़ गई। शहर के कई इलाकों में सरकारी बोरिंग और पानी टंकी पर लोगों की लंबी कतारें दिखीं। महिलाएं और बच्चे तक पानी के इंतजाम में जुटे रहे। कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में पूरी निर्भरता निजी बोरिंग, सरकारी बोरिंग और नगर निगम के टैंकरों पर टिकी रहीं। इन क्षेत्रों में वाटर सप्लाई प्रभावित
पुराना रुक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी बूटी जलागार जाता है। इसके बाद बूटी से शहर के विभिन्न लाइन के जरिए जलमीनार एवं संप में पानी जाता है। इसलिए बूटी से आपूर्ति होने वाले क्षेत्रों में दो दिनों तक वाटर सप्लाई प्रभावित रहेगी। बूटी से निकलने वाले रातू रोड लाइन, जिला स्कूल लाइन, लालपुर लाइन, टाउन लाइन से पानी नहीं जाएगी। इन लाइन से शहर के कोकर, बरियातू रोड, कोकर, कांटा टोली, बहु बाजार, नामकुम एवं दीपा टोली सैनिक छावनी, चर्च रोड, स्टेशन रोड, निवारणपुर, मेन रोड लालपुर, बर्द्धमान कपाऊंड, हिंदपीढ़ी, मोरहाबादी, करम टोली, रेडियम रोड, रातू रोड, पिस्का मोड़, पहाड़ी मंदिर एरिया, महुआ टोली, खादगढ़ा, कैलाश नगर, कुम्हार टोली, किशोर गंज, कैलाश नगर व आसपास के क्षेत्रों में वाटर सप्लाई पूरी तरह से प्रभावित रही। क्यों पड़ी मरम्मत की जरूरत
गेतलसूद डैम के पुराने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाली राइजिंग लाइन की जुमार पुल के पास आवश्यक मरम्मत कराई जा रही है। इस लाइन में लगातार लीकेज की समस्या बनी रहती है। इसके कारण कई बार जलापूर्ति प्रभावित होती रही है। इसी समस्या को दूर करने के लिए पाइप को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया है। मरम्मत कार्य के कारण रूक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में दो दिनों का शटडाउन लिया गया है। ये लाइन रही चालू, इन क्षेत्रों में हुई सप्लाई
गेतलसूद डैम में नए डब्लूटीपी से निकलने वाली यूजीआर वन एवं यूजीआर टू और रूक्का-हटिया लाइन चालू रही। इन लाइन से आपूर्ति होने वाले क्षेत्र जैसे डोरंडा के कुछ हिस्सा, अशोक नगर, मौसी बाड़ी, लाइट हाऊस, जगन्नाथपुर, ललगुटवा, कटहल मोड़, आईटीबीपी, सुकरहुटू व आसपास के क्षेत्रों में वाटर सप्लाई हुई। इसके अतिरिक्त कांके डैम से आपूर्ति वाले क्षेत्र जैसे कांके रोड, हातमा, रिनपास,सीआईपी, बीएयू, हटिया डैम से आपूर्ति होने वाले क्षेत्र जैसे धुर्वा, हटिया, एचईसी इलाके में वाटर सप्लाई हुई। शाम तक भेजा जा सकता है पानी: राइजिंग लाइनों की मरम्मत एक दिन में पूरी नहीं हो सकेगी, क्योंकि पाइप लाइनों की खुदाई करने, उसका वेल्डिंग कराने आदि का भी काम होगा। इसलिए दो दिन का शट डाउन लिया गया है। अगर दो जुलाई के शाम तक काम पूरा हो गया तो शाम को बूटी जलागार पानी भेजा सकता है। मगर वाटर सप्लाई समान्य अब शुक्रवार को ही हो पाएगी। – चंद्रशेखर, ईई, रुक्का-बूटी
Source link