![]()
जमशेदपुर के पब में हुए हत्याकांड के बाद रांची पुलिस अलर्ट मोड में दिखी। गुरुवार रात शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अपने-अपने इलाके के पब और बार में एक साथ छापेमारी की। अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई का उद्देश्य बढ़ते अपराध, नशाखोरी और नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाना था। जांच के दौरान कई पब और बार में अनियमितताएं मिलीं। कुछ प्रतिष्ठानों में नाबालिग युवक-युवतियां मौजूद मिले। कुछ जगहों पर उनके नशीले पदार्थों और शराब तक पहुंचने की बात भी सामने आई। प्रशासन ने इसे गंभीर नियम उल्लंघन माना है। संबंधित पब और बार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कागजातों में खामी मिली
जांच में बार और रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, नवीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों में कागजात अधूरे मिले। कुछ बार तय समय के बाद भी संचालित हो रहे थे। कई जगह क्षमता से अधिक भीड़ मिली, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे। पुलिस के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों के आसपास देर रात मारपीट, हंगामा, छेड़खानी और सड़क हादसों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। प्रशासन ने नियम तोड़ने वाले संचालकों को लाइसेंस निलंबित, रद्द या सील करने की चेतावनी दी है।
Source link