Last Updated:
Palamu Disneyland Fair: पलामू में डिज्नीलैंड मेले की तैयारियां तेज हो गईं हैं. इस बार सबसे अधिक बोली लगाने पर पवन कुमार गुप्ता को 88.20 लाख रुपये में 2026 के मेले के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है. मेला 20 जुलाई से 25 सितंबर तक चलेगा.
पलामू. सावन की दस्तक के साथ ही पलामू के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित डिज्नीलैंड मेला प्रदर्शनी की तैयारियां तेज हो गई हैं. वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार इस बार भी मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा. नगर निगम ने मेला आयोजन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिसमें 88 लाख 20 हजार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाने वाले पवन कुमार गुप्ता को वर्ष 2026 के मेले के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दरअसल, सावन और रक्षाबंधन के अवसर पर पलामू सहित आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. ऐसे में यह मेला परिवारों, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन जाता है, जहां वे मनोरंजन का आनंद लेते हैं.
सबसे अधिक बोली को मिला आयोजन का अधिकार
बता दें कि गुरुवार को मेदिनीनगर नगर निगम कार्यालय में डिज्नीलैंड मेला प्रदर्शनी के टेंडर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता महापौर अरुणा शंकर ने की. टेंडर प्रक्रिया में तीन संवेदकों ने भाग लिया और सभी के सामने खुली डाक बोली की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई. बोली के दौरान चंचल कुमार मिश्रा ने 88 लाख 10 हजार रुपये, बैजनाथ सिंह ने 88 लाख रुपये तथा पवन कुमार गुप्ता ने 88 लाख 20 हजार रुपये की सबसे अधिक बोली लगाई. निर्धारित नियमों के अनुसार सर्वाधिक बोलीदाता होने के कारण पवन कुमार गुप्ता को इस वर्ष मेले के आयोजन का अधिकार दिया गया.
दो महीने चलेगा मेला
डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने बताया कि पिछली बार जहां 74 लाख 70 हजार रुपये में टेंडर हुआ था, वहीं इस बार 88 लाख 20 हजार रुपये में बोली लगी है. डिज्नीलैंड मेला प्रदर्शनी का आयोजन 20 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. करीब दो माह तक चलने वाले इस मेले में मनोरंजन के आधुनिक झूले, बच्चों के लिए विशेष आकर्षण, घरेलू और हस्तशिल्प उत्पादों की दुकानें, खान-पान के स्टॉल तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग इस मेले में पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को भी अच्छा व्यवसाय मिलता है.
मनोरंजन ही नहीं परंपरा भी
उन्होंने आगे कहा कि पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर में सावन के दौरान आयोजित होने वाला यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा का भी हिस्सा माना जाता है. रक्षाबंधन के अवसर पर मायके लौटने वाली बहन-बेटियां अपने परिवार के साथ मेले का आनंद लेने पहुंचती हैं. यही वजह है कि हर साल इस मेले का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है. नगर निगम ने भी साफ किया है कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और दूसरी जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि आने वाले सभी लोगों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें