![]()
दुमका के मसानजोर स्थित झारखंड सरकार के सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय चिकित्सक से जांच कराकर मौत की पुष्टि करायी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन दोस्तों के साथ ठहरे थे, हुई थी शराब पार्टी प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. शशि दिनकर मिंज रांची के बरियातू के रहने वाले थे। वह वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में पदस्थापित थे। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं। पत्नी जमशेदपुर में कार्यरत हैं। परिवार में दो बेटियां भी हैं। बताया गया कि डॉ. मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ मसानजोर घूमने आए थे। शुक्रवार रात सभी लोग निरीक्षण भवन के कमरा नंबर 1 और 2 में ठहरे थे। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रात में सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात सोने चले गए थे। सब कुछ सामान्य था। किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी। सुबह नहीं उठने पर दोस्तों को हुआ शक शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनका शरीर ठंडा पड़ा हुआ है। कोई हलचल नहीं हो रही है। इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर जांच करायी, जिसमें उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
Source link