जामताड़ा | दिल्ली पुलिस ने जामताड़ा पुलिस के सहयोग से साइबर ठगी के एक मामले में कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मटन गांव से दो आरोपियों, रमेश मंडल एवं कारण मंडल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय में दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले जाने का आवेदन दिया। न्यायालय ने आवेदन स्वीकार करते हुए दिल्ली पुलिस को दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध दिल्ली साइबर थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज है। यह मामला एक पीड़ित की शिकायत पर दर्ज किया गया था। प्राथमिकी के अनुसार आरोपी स्वयं को दिल्ली जल बोर्ड का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और पानी का कनेक्शन काटे जाने का भय दिखाकर उनसे गोपनीय बैंकिंग एवं ओटीपी संबंधी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद वे साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।दिल्ली पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी गिरोह के अन्य सदस्यों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Source link