भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सातवें पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन, 125 श्रद्धालुओं ने दी आहुति




भास्कर न्यूज |गिरिडीह अखिल विश्व गायत्री परिवार महिला मंडल, गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के तत्वावधान में रविवार को पुलिस लाइन बरवाडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में सातवें पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। पूनम गुप्ता एवं सुमन गुप्ता के संचालन में हुए इस महायज्ञ में लगभग 125 श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुति देकर सभी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। महिला मंडल की जिला समन्वयक सुमन गुप्ता ने गायत्री महामंत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके 24 अक्षरों में समस्त वेदों और श्रीमद्भगवद्गीता का सार निहित है। उन्होंने समाज में सात्विक जीवन, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के प्रसार के लिए गिरिडीह शहर व पूरे प्रखंड में लगातार ऐसे आयोजन करने की बात कही। शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह ने कहा कि गायत्री महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिक जागरण, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक एकता का अभियान है। उन्होंने लोगों से गायत्री परिवार के रचनात्मक अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नियमित गायत्री उपासना और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का संकल्प लिया। मौके पर वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य रचित साहित्य की प्रदर्शनी व पुस्तक स्टॉल भी लगाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह, जिला समन्वयक नरेश प्रसाद यादव, भागवत राम, सहदेव प्रसाद कुशवाहा, उर्मिला बरनवाल, उमा गुप्ता, मधु चौरसिया, अमृता बरनवाल, पूनम गुप्ता, पूनम राम, अंजू बरनवाल और सुचित्रा देवी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top