भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Koderma Job Fair: कोडरमा में 17 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, 900...


कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर, कोडरमा की ओर से 17 जुलाई को एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. यह रोजगार मेला समाहरणालय परिसर, कोडरमा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा. इस मेले में जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा.

900 रिक्त पदों पर होगी भर्ती
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में करीब 900 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी. इसमें कोडरमा सहित झारखंड और अन्य राज्यों की कई निजी कंपनियां और शैक्षणिक संस्थान हिस्सा लेंगे. चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 10 हजार रुपये से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा. कुछ तकनीकी और प्रशिक्षु पदों के लिए फ्रेशर्स भी आवेदन कर सकते हैं.

इन पदों पर मिलेगी नौकरी
रोजगार मेले में शिक्षक, ऑफिस असिस्टेंट, जीएनएम, ओटी हेल्पर, पियून, वॉशरमैन, ड्राइवर, फोटोग्राफर, वीडियो एडिटर, हॉस्टल सुपरिटेंडेंट, स्टोर इंचार्ज, कंप्यूटर ऑपरेटर, कुक, हाउसकीपिंग स्टाफ, नर्स, फैशन डिजाइनर, सेल्स ऑफिसर, हेल्पर, मोबिलाइजर, प्लम्बर, लेक्चरर, सोलर ट्रेनर, फिटर, लैब असिस्टेंट, अकाउंटेंट, कॉल सेंटर एग्जीक्यूटिव, पब्लिशिंग ट्रेनी, होम हेल्थ एड, बेकरी इंचार्ज, पर्सनालिटी डेवलपमेंट ट्रेनर और डांस ट्रेनर सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी.

नियोजनालय में निबंधन कराना जरूरी
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने से पहले अभ्यर्थियों को झारखंड के किसी भी नियोजनालय में अपना निबंधन कराना अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों का निबंधन अभी तक नहीं हुआ है, वे www.jharniyojan.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी निबंधन करा सकते हैं.

साथ लाने होंगे ये जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ अपडेटेड रिज्यूमे, सभी शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति, आधार कार्ड, नियोजनालय निबंधन कार्ड तथा चार पासपोर्ट आकार के फोटो लेकर आने होंगे. दस्तावेज पूरे होने पर चयन प्रक्रिया में शामिल होने में आसानी होगी.

निजी क्षेत्र में होगी नियुक्ति
जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में उपलब्ध सभी पद निजी क्षेत्र की कंपनियों और संस्थानों के हैं. नियुक्ति की सभी शर्तें संबंधित नियोजक संस्थान तय करेंगे. जिला नियोजनालय केवल रोजगार मेला आयोजित कर अभ्यर्थियों और नियोजकों के बीच समन्वय की भूमिका निभाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता नहीं दिया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को अपने खर्च पर रोजगार मेले में पहुंचना होगा.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top