![]()
लोहरदगा|लोहरदगा शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 के राजकीय मध्य विद्यालय, सुभाष चौक में विद्यालय प्रबंधन समिति का बुधवार को पुनर्गठन किया गया। राज्य परियोजना कार्यालय एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, लोहरदगा के निर्देशन अनुसार पुनर्गठन के लिए बैठक रखी गई। विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन में प्रखंड साधन सेवी त्रिसंघा प्रजापति की अध्यक्षता में प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में बच्चों के माता-पिता, अभिभावक, बाल संसद के बच्चे, प्रभारी प्रधानाध्यापिका रूबी कुजूर, शिक्षिका रौनक जहां एवं सहायक शिक्षिका कुमारी अर्चना, जगेश्वर उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे। विद्यालय प्रबंधन समिति में सर्वसम्मति से अध्यक्ष लीलमनी उरांव, उपाध्यक्ष रामनाथ महतो को चुना गया। साथ ही समिति के 15 सदस्यों का भी चुनाव किया गया। मौके पर वार्ड पार्षद अविनाश कौर ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा की विद्यालय के शिक्षक और आप लोगों के सहयोग से ही बच्चे आज अच्छी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और इसी तरह हम लोगों को मिलकर विद्यालय को आगे बढ़ाना है किंतु अभिभावकों से यह कहना चाहूंगी कि प्रतिदिन कम से कम अपने बच्चों को एक घंटा घर में अवश्य समय दें और स्वयं उनको पढ़ाये या उनसे जानकारी ले कि दिन भर में आज उन्होंने क्या-क्या पढ़ाई की। ताकि बच्चे और आगे बढ़ सके। वहीं वार्ड पार्षद ने विद्यालय के जर्जर भवन को देखते हुए कहा कि शीघ्र ही जिले के उपायुक्त से मिलकर यह अपील की जाएगी कि इस जर्जर विद्यालय के कमरों को यथाशीघ्र ठीक कराने की कृपा की जाए।
Source link