Last Updated:
Bokaro Chas Market: बोकारो का चास पुराना बाजार जिले का सबसे पुराना और प्रसिद्ध बाजार है. यह सस्ते दाम, अच्छी गुणवत्ता और हर सामान की उपलब्धता के लिए जाना जाता है. त्योहारों पर खासकर यहां खरीदारों की भारी भीड़ देखी जाती है, जहां हर जगह से अच्छा सामान मिलता है.
बोकारो. बोकारो जिले का चास पुराना बाजार अपने नाम की तरह ही जिले के सबसे पुराने और प्रसिद्ध बाजारों में शुमार है. यह बाजार बोकारो जिले के गठन से पहले से अस्तित्व में है और आज भी स्थानीय लोगों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिले पुरुलिया समेत आसपास के क्षेत्रों के खरीदारों की पहली पसंद माना जाता है. यह मार्केट सस्ते दाम, अच्छी गुणवत्ता और एक ही जगह जरूरत का लगभग हर सामान मिलने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं.
इस बाजार में श्रृंगार के सामान, एल्यूमिनियम और पीतल के बर्तन, कपड़े, ज्वेलरी, फुटवियर, पूजा सामग्री और होलसेल के सामान, फूड आइटम और खानपान की कई दुकानें हैं. वहीं, गुड़ से बने पारंपरिक लड्डू भी इस बाजार की खास पहचान माने जाते हैं.
ऐसे पड़ा था नाम
स्थानीय बर्तन व्यापारी विमल स्वर्णकार बताते हैं कि चास पुराना बाजार का इतिहास अंग्रेजों के शासनकाल से ही पुराना है और यहां बीते कई वर्षों से एल्यूमिनियम-पीतल के बर्तन, कपड़े और राशन की खरीदारी के लिए प्रसिद्ध रहा है. वहीं, उनके बुजुर्गों के अनुसार अंग्रेजों के शासनकाल में रानी अहिल्याबाई यहां आई थीं. उसी दौरान इस बाजार का नाम चास बाजार रखा गया, क्योंकि उस समय आसपास के इलाके में बड़े पैमाने पर धान की खेती होती थी.
लोगों को दिया रोजगार
पुराना बाजार के पान दुकानदार शंभू दलाल बताते हैं कि उनकी पान की दुकान पीढ़ियों से चली आ रही है और इस बाजार में करीब 100 दुकानें हैं, जिनसे प्रत्यक्ष रूप से लगभग 200 लोगों को रोजगार मिलता है. यह बाजार सस्ती कीमत पर अच्छी गुणवत्ता का सामान उपलब्ध कराने के लिए जाना जाता है.
चास बाजार के सामने ही हरी मंदिर हाट में सब्जियों की खरीदारी होती है, जबकि पास में मछली हाट भी लगता है. इसी वजह से पूरे दिन यहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है. वहीं, कुछ दुकानें हर बुधवार को बंद रहती हैं.
त्योहारों पर उमड़ती है भीड़
श्रृंगार दुकान के संचालक बास्की बताते हैं कि चास पुराना बाजार में श्रृंगार सामग्री की लगभग 15 से 20 दुकानें हैं. त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में यहां महिलाओं की काफी भीड़ उमड़ती है. उनके अनुसार, श्रृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए यह बाजार महिलाओं की पहली पसंद माना जाता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें