![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह धान अधिप्राप्ति के बाद चावल एफसीआई में जमा नहीं करने के मामले को लेकर बुधवार को जेएफएससी के महाप्रबंधक रजनीश कुमार सिन्हा गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने जेएफएससी जिला प्रबंधक कार्यालय में धान अधिप्राप्ति व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान जेएफएससी जिला प्रबंधक तेज कुमार हांसदा के साथ कृषि बाजार समिति के गोदाम में रखे करीब 7500 क्विंटल धान का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने बताया कि जिले के विभिन्न गोदामों में सरकार का 12 हजार क्विंटल से अधिक धान रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि शुभ लक्ष्मी राइस मिल और राजस्व एग्रो प्राइवेट लिमिटेड, जमुआ द्वारा धान का उठाव नहीं किए जाने के कारण एफसीआई को चावल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने दोनों राइस मिल संचालकों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक एफसीआई को चावल उपलब्ध कराएं। निर्धारित समय तक चावल जमा नहीं करने पर संबंधित मिल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरुवाडीह पैक्स के किसानों का जल्द होगा भुगतान जेएफएससी महाप्रबंधक ने बताया कि बेंगाबाद प्रखंड के जरुवाडीह पैक्स में 2024 से 31 से अधिक किसानों का धान अधिप्राप्ति भुगतान लंबित है। उन्होंने जिला जेएफएससी प्रबंधक को मामले की जांच कर जल्द भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जरुवाडीह पैक्स में किसानों के भुगतान से संबंधित जांच लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही किसानों को धान अधिप्राप्ति की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को वर्ष 2025-26 की धान अधिप्राप्ति राशि का शत-प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। गोदामों में भौंरों के हमले में घायल हुए जेएफएससी महाप्रबंधक रजनीश कुमार सिन्हा, इलाज के बाद स्थिति सामान्य धान अधिप्राप्ति की समीक्षा के दौरान जेएफएससी के महाप्रबंधक रजनीश कुमार सिन्हा भौंरों के हमले में घायल हो गए। घटना बुधवार को कृषि बाजार समिति के गोदाम निरीक्षण के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, जेएफएससी महाप्रबंधक रजनीश कुमार सिन्हा जिला प्रबंधक तेज कुमार हांसदा के साथ गोदाम में रखे धान की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भौंरों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में उन्हें चोट लगी, जिसके बाद जिला जेएफएससी प्रबंधक उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई और वे स्वस्थ बताए गए।
Source link