![]()
.
निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के डिजिटलाइजेशन और सत्यापन की समय-सीमा खत्म होने में अब दो दिन बचे हैं। इटखोरी प्रखंड में अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक कई मतदान केंद्रों ने लक्ष्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है। कई बूथों पर काम अभी लंबित है। ऐसे बूथों पर काम तेज कराने के लिए अभियान और निगरानी बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार कुछ मतदान केंद्रों पर 20 प्रतिशत से अधिक काम बाकी है। कई बूथों पर 10 प्रतिशत से भी कम काम बचा है। कई मतदान केंद्रों ने 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर समय-सीमा से पहले काम पूरा कर लिया है। इससे संबंधित बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों की सक्रियता सामने आई है। निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि शेष दो दिनों में लंबित बूथों पर विशेष फोकस है। जहां प्रगति धीमी है, वहां लगातार समीक्षा हो रही है। मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं। लक्ष्य समय पर पूरा कराने की रणनीति पर काम चल रहा है। प्रशासन ने कहा कि प्राथमिकता है कि एक भी पात्र मतदाता का रिकॉर्ड अधूरा न रहे। तय समय-सीमा में सभी लंबित काम पूरे हों। इसके लिए बीएलओ, सुपरवाइजर और निर्वाचन कर्मियों को अंतिम समय तक गंभीरता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।