अमेरिका-यूरोप में चल जाएगा भारत का ड्राइविंग लाइसेंस लेकिन चीन-जापान में नहीं
Last Updated:
Indian Driving License in Foreign : भारत में तो वाहन चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी होता ही है. दुनिया के कई और भी देश हैं, जहां आप भारतीय डीएल पर वाहन चला सकते हैं. हालांकि, ज्यादातर देशों में वाहन चलाने के लिए भारतीय डीएल के साथ कुछ और नियामों का पालन करना पड़ता है लेकिन चीन और जापान ऐसे देश हैं जहां आप इस डीएल से वाहन नहीं चला सकते हैं.
China-Japan : सबसे पहले बात करते हैं चीन और जापान की. भारत के पड़ोसी देश चीन में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पर कार चलाने की अनुमति नहीं दी जाती है. यहां सामान्य इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (IDP) भी मान्य नहीं है. इसके लिए आपको चीन का अस्थायी लाइसेंस लेना होगा, उसके बाद ही आप यहां ड्राइविंग कर सकते हैं. इसी तरह, जापान में भी भारतीय डीएल और सामान्य आईडीपी पर ड्राइविंग करने पर रोक है. वहां भी आपको खास सरकारी आईडीपी बनवाना पड़ता है, तभी खुद गाड़ी चला सकते हैं.
America-UK : सामान्य रूप से देखा जाए तो अमेरिका और ब्रिटेन में यातायात के नियम काफी सख्त होते हैं. बावजूद इसके इन देशों में आपको भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पर वाहन चलाने की छूट मिल जाती है. अमेरिका में जहां भारतीय डीएल पर वाहन चलाने के लिए आईडीपी की जरूरत होती है, वहीं यूके में सामान्य डीएल पर ही वाहन चलाने की छूट मिल जाती है. हालांकि, इसके लिए स्थानीय नियमों का पालन करना जरूरी होता है, लेकिन किसी अतिरिक्त डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं पड़ती है. अमेरिका में भारतीय डील पर आप 3 से 12 महीने तक वाहन चला सकते हैं तो यूके में भी इसकी अवधि एक साल तक ही होती है.
Canada-Australia : कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में भी आप भारतीय डीएल पर वाहन चला सकते हैं. कनाडा में डीएल के साथ आईडीपी की जरूरत होती है और तब आपको 60 से लेकर 90 दिनों तक वाहन चलाने की छूट रहेगी. हालांकि, कनाडा के हर राज्य में इस अविध को लेकर अलग-अलग कानून हो सकता है. इसी तरह, ऑस्ट्रेलिया के भी कई राज्यों में डीएल के साथ आईडीपी जरूरी होता है. इसकी अवधि राज्यों के अनुसार, 3 से लेकर 12 महीने तक हो सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
Germany-France : यूरोप में भी आप भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पर वाहन चला सकते हैं. जर्मनी में आईडीपी जरूरत होता है. साथ ही आपका लाइसेंस अंग्रेजी में होना चाहिए या फिर आईडीपी जर्मन भाषा में हो तो बेहतर होगा. इन डॉक्यूमेंट के साथ भारतीय डीएल पर आप 6 महीने तक वाहन चला सकते हैं. फ्रांस में नियम थोड़ा अलग है और यहां भारतीय डीएल पर 6 से 12 महीने तक वाहन चलाने की अनुमति दी जाती है. हालांकि, इसके लिए आईडीपी और भाषा यानी फ्रेंच का होना जरूरी है.
Europe : यूरोप के ज्यादातर देशों में इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट यानी आईडीपी के साथ भारतीय डीएल पर वाहन चलाने की अनुमति मिल जाती है. इटली, स्पेन, स्विटजरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड, आइसलैंड, पुर्तगाल और ग्रीस जैसे देशों में अधिकतम 6 से 12 महीने तक वाहन चलाने की अनुमति दी जाती है. हालांकि, इन सभी देशों में वाहन चलाने के लिए आईडीपी जरूरी होता है और ज्यादातर यूरोपीय देश आईडीपी अथवा लाइसेंस को अंग्रेजी भाषा में ही स्वीकार करते हैं.
Gulf Countries : खाड़ी देशों में भी भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस पर वाहन चलाने की छूट मिल लाती है. संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कतर, बहरीन कुवैत, सऊदी अरब में भी भारतीय डीएल पर वाहन चलाने के लिए आईडीपी की जरूरत होती है.इतना ही नहीं, इन देशों में वाहन चलाने की अवधि भी सीमित होती है. यहां लंबे समय तक वाहन चलाने के लिए आपको स्थानीय लाइसेंस की जरूरत होती है. बेहतर होगा कि इन देशों में जाने से पहले आप भारत से ही अपना आईडीपी बनवाकर जाएं.
Nepal-Bhutan : भारत के पड़ोसी देश नेपाल और भूटान में ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर सहूलियत मिलती है. इन देशों में आज भी सामान्य भारतीय लाइसेंस पर ही वाहन चलाने की छूट मिल जाती है. हालांकि, यह छूट सीमित अविध तक होती है और लंबे समय तक यहां वाहन चलाने के लिए आपको स्थानीय लाइसेंस अथवा परमिट की जरूरत होगी. खास बात ये है कि इन देशों में वाहन चलाने के लिए आईडीपी की जरूरत नहीं होती है और आप सिर्फ भारतीय लाइसेंस पर ही कुछ समय के लिए वाहन चला सकते हैं.