![]()
आगामी नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार में आयोजित होने वाले बोकारो आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच एवं पंडाल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, अतिथि सत्कार, प्रचार-प्रसार सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक बिंदु पर जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि बोकारो आदिवासी महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, परंपरा और जीवन शैली को व्यापक मंच प्रदान करना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। समीक्षा बैठक में महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों पर भी चर्चा हुई। आयोजन में मांदर एवं नगाड़े की थाप पर पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य, पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी, आदिवासी परिधान फैशन शो, पारंपरिक जनजातीय व्यंजन, आदिवासी लोक चित्रकला प्रदर्शनी तथा आदिवासी विचार-दर्शन पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
Source link