JPSC-JSSC Protest: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर विरोध-प्रदर्शन जारी है. इस बीच झारखंड छात्र आंदोलन के नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सोमवार को रांची में छात्रों के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी. डॉक्टरों की मानें तो उनके ब्लड शुगर लेवल में भारी गिरावट आई है. अभी उनकी हालत गंभीर है. इस बीच आज यानी मंगलवार को भाजपा ने झारखंड बंद का ऐलान किया है.
देवेंद्र नाथ महतो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सदस्य हैं. वह राज्य में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं. रांची सदर अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर नैन्सी प्रिया ने बताया कि उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया जा रहा है. उनके एक सहयोगी पंकज कुमार ने दावा किया कि झारखंड विधानसभा के पास पुलिस लाठीचार्ज के दौरान महतो घायल हो गए थे.
खराब तबीयत के बावजूद मार्च में शामिल हुए महतो
अपनी खराब हालत के बावजूद देवेंद्र नाथ महतो सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुए. वह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर एम्बुलेंस से विरोध स्थल पर पहुंचे और बाद में स्ट्रेचर पर खड़े होकर लोगों को संबोधित किया. महतो ने पत्रकारों से कहा, ‘सरकार लाठी, गोली और बंदूक से नहीं चलाई जा सकती. सरकार लोगों को संतुष्ट रखकर चलाई जाती है.’
‘मैं लड़ाई जारी रखूंगा’
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें धक्का दिया और परेशान किया और नौ दिन की भूख हड़ताल के बावजूद जबरन एम्बुलेंस में डाल दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हूं. इसके बावजूद पुलिस ने मुझे धक्का-मुक्की की, परेशान किया और जबरन एम्बुलेंस में डाल दिया. लेकिन मैं यह लड़ाई जारी रखूंगा.’
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प
महतो के मुताबिक, छात्रों का यह आंदोलन 25 जुलाई से चल रहा है. इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों को निष्पक्ष अवसर दिलाना है. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों को रांची पहुंचाने वाले वाहनों को रास्ते में रोक दिया और कई जगहों पर कंटीले तार लगे बैरिकेड लगाए. प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठी का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है.
वहीं, अधिकारियों के मुताबिक विधानसभा के पास प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और चार पुलिसकर्मी घायल हुए. महतो ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य सरकार के रुख को देखते हुए प्रदर्शनकारी आगे की रणनीति तय करेंगे. उन्होंने कहा, ‘यह लड़ाई मेरे लिए नहीं, बल्कि राज्य के लाखों छात्रों के लिए है.’ झारखंड विधानसभा के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा कई बैरिकेड तोड़े जाने के बाद यह झड़प हुई.
झारखंड बंद का ऐलान
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 11 अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार रात 9 बजे पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी. भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने और सोमवार के विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों पर निर्ममता से बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं.
क्या मांग
पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग दोहराई. भाजपा नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनके अनुसार, आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की सीबीआई जांच शामिल है.