Last Updated:
Hazaribagh News: हजारीबाग में एक परिवार ने जिंदी बेटी का पिंडदान कर दिया. बताया जा रहा है कि बेटी एक महीने पहले घर से भाग गई थी. बाद में वह प्रेमी के साथ मिली. परिवार ने उससे वापस आने के लिए कहा लेकिन उसने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पकड़ ली. उसके बाद परिवार ने उसका पिंडदान कर दिया.
जीवित बेटी का परिवार ने पिंडदान किया.
हजारीबागः झारखंड के हजारीबाग जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां एक युवती के प्रेम विवाह के फैसले से नाराज परिजनों ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. परिवार ने अपनी जिंदा बेटी को मृत मानते हुए उसका पिंडदान और श्राद्धकर्म कर दिया. मामला हजारीबाग के चौपारण प्रखंड क्षेत्र का है. यहां 18 साल की युवती करीब एक महीने पहले घर से चली गई थी.
काफी खोजबीन के बाद परिजनों को पता चला कि वह नरैना गांव निवासी पवन साव के साथ रह रही है. परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की. पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को आंध्र प्रदेश से बरामद किया. इसके बाद दोनों को चौपारण थाना लाया गया. थाने में परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया. परिवार चाहता था कि वह वापस उनके साथ घर चले. लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही. उसने अपने प्रेमी के साथ ही रहने की बात कही. इसके बाद परिजन नाराज हो गए और बेटी से संबंध खत्म करने का फैसला कर लिया.
श्मशान घाट पहुंचे पिता, भाई और चाचा
बताया जा रहा है कि युवती के पिता, भाई और चाचा इसके बाद पाण्डेयबारा स्थित श्मशान घाट पहुंचे. वहां उन्होंने युवती की तस्वीर रखी. परिजनों ने पहले मुंडन कराया. इसके बाद पूजा-पाठ किया गया. फिर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार श्राद्धकर्म और पिंडदान किया गया. परिजनों का कहना है कि बेटी के इस फैसले के बाद उन्होंने उसे अपने लिए मृत मान लिया है और उससे सभी रिश्ते खत्म कर दिए हैं.
इलाके में बना चर्चा का विषय
जिंदा बेटी का श्राद्धकर्म और पिंडदान किए जाने की खबर तेजी से इलाके में फैल गई. इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है. एक तरफ युवती अपने प्रेमी के साथ रहने के फैसले पर कायम रही, तो दूसरी तरफ नाराज परिवार ने उससे रिश्ता खत्म करने के लिए श्मशान घाट पहुंचकर मुंडन, पूजा और पिंडदान जैसी रस्में पूरी कर दीं. फिलहाल यह पूरा मामला चौपारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
About the Author
Journalist with a sharp focus on Bihar and Jharkhand, covering politics, crime, and trending stories with a strong ground-level perspective. Passionate about listening to stories, understanding them deeply, and…
और पढ़ें