Last Updated:
Amit Malviya News: बीजेपी आईटी सेल प्रमुख पद से हटने पर अमित मालवीय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में अपने 11 साल के कार्यकाल को याद किया है. अमित मालवीय की यह पोस्ट इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि बीजेपी ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उन्हें IT सेल प्रमुख की जिम्मेदारी से हटाकर दीपक म्हास्के को यह कमान सौंपी है.
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख के पद से हटाए जाने पर अमित मालवीय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रमुख के पद से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने नए आईटी सेल चीफ दीपक म्हास्के को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि नई टीम के नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा.
अमित मालवीय ने सोमवार को एक्स पर एक लंबी पोस्ट के जरिए दीपक म्हास्के के साथ-साथ पार्टी के नए सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटरों प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव का भी स्वागत किया. उन्होंने कहा कि इन सभी के साथ उन्हें करीब से काम करने का अवसर मिला है और नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब पार्टी देश के हर हिस्से तक अपना संगठनात्मक विस्तार और संदेश पहुंचाने की कोशिश कर रही है.
11 साल तक संभाली डिजिटल टीम की कमान
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में अपने करीब 11 साल के कार्यकाल को भी याद किया. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें बीजेपी के डिजिटल ऑपरेशन का नेतृत्व करने और पार्टी के सोशल मीडिया से जुड़े हजारों कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ संवाद करने का मौका मिला.
मालवीय ने बीजेपी के डिजिटल समर्थकों को पार्टी की ऑनलाइन ताकत की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय यह समुदाय सिर्फ पार्टी के संदेश को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अपनी ऊर्जा, विचारों और प्रतिबद्धता के जरिए सार्वजनिक विमर्श को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है.
डिजिटल सपोर्टर्स का मांगा साथ
मालवीय ने अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेतृत्व में भारत की निरंतर प्रगति का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि देश की इस यात्रा में पार्टी के डिजिटल समर्थकों की भूमिका आगे भी महत्वपूर्ण बनी रहेगी.
अमित मालवीय की यह पोस्ट इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि बीजेपी ने आज ही अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उन्हें IT सेल प्रमुख की जिम्मेदारी से हटाकर दीपक म्हास्के को यह कमान सौंपी है. करीब 11 साल तक पार्टी के डिजिटल मोर्चे का नेतृत्व करने के बाद मालवीय का नई टीम को खुले तौर पर बधाई देना संगठन में जिम्मेदारी के बदलाव के बीच एक सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
About the Author
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ें