Last Updated:
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में कौड़िया पंचायत की महिलाएं ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लेकर हुनरमंद बन रही हैं, जिससे वे अपना ब्यूटी पार्लर खोलकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी. यह प्रशिक्षण एसबीआई फाउंडेशन और एंडेंट संस्था द्वारा नि:शुल्क दिया जा रहा है.
पलामू. झारखंड के पलामू जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार की योजनाओं के साथ-साथ विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसी कड़ी में कौड़िया पंचायत की महिलाएं इन दिनों ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लेकर हुनरमंद बन रही हैं. प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपना ब्यूटी पार्लर खोलकर स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी. बता दें कि यह प्रशिक्षण एसबीआई फाउंडेशन के बैनर तले एंडेंट संस्था द्वारा कराया जा रहा है.
ट्रेनिंग के साथ जरूरी सामग्री भी फ्री
प्रशिक्षण केंद्र पर महिलाओं को ब्यूटीशियन से जुड़ी अलग-अलग तकनीकों और काम करने के तरीके सिखाए जा रहे हैं. इसमें आइब्रो बनाना, फेशियल, हेयर कटिंग, मेकअप सहित ब्यूटी पार्लर में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सेवाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. खास बात यह है कि महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे प्रशिक्षण के दौरान बेहतर तरीके से प्रैक्टिस कर सकें.
बन सकती हैं आर्थिक रूप से मजबूत
ट्रेनर पिंकी कुमारी ने बताया कि वर्तमान में प्रशिक्षण का दूसरा बैच चल रहा है, जिसमें 20 महिलाओं को ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को सिर्फ हुनर सिखाना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना भी है. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं अपनी क्षमता और सुविधा के अनुसार घर से या अलग दुकान लेकर ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय शुरू कर सकती हैं. इससे वे अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर सकेंगी.
खोलेंगी अपना पार्लर
प्रशिक्षण ले रहीं सबा खातून ने बताया कि बचपन से ही ब्यूटीशियन बनने का सपना था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बाहर जाकर प्रशिक्षण लेना संभव नहीं था. ऐसे में घर के पास ही नि:शुल्क प्रशिक्षण मिलने से उनका सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कई तरह के काम सीखने का मौका मिल रहा है और भविष्य में अपना ब्यूटी पार्लर खोलने की योजना है.
बता दें कि यहां महिलाओं को इस तरह का रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है. वहीं, कौड़िया की महिलाएं अब हुनर सीखकर अपने लिए रोजगार के नए रास्ते तैयार कर रही हैं, जो कि आत्मनिर्भरता की मिसाल है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें