![]()
स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2016 से जुड़ी 257 याचिकाओं की सुनवाई के दौरान गठित वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने अभ्यर्थियों को अपना दावा (क्लेम) पेश करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम अवसर दिया है। शनिवार को कमीशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त जस्टिस गौतम कुमार चौधरी ने मामले की ऑनलाइन सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने अपनी पात्रता और दावों से जुड़े दस्तावेज व साक्ष्य पेश किए। कमीशन ने दो टूक कहा है कि निर्धारित दो सप्ताह की अवधि बीतने के बाद किसी भी प्रार्थी का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। कमीशन तीन तथ्यों के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों और विसंगतियों की जांच करेगा। मामले की अगली ऑनलाइन सुनवाई 12 सितंबर को तय की गई है। 3 बिंदुओं पर देना होगा ब्योरा 1. वे नियुक्ति के लिए किस आधार पर योग्य हैं। 2. उनकी संबंधित कैटेगरी में उनसे कम अंक वाले किस अभ्यर्थी का चयन हुआ है। 3. उनके स्वयं के कुल प्राप्तांक कितने हैं। जांच के लिए 3 माह का अतिरिक्त समय झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने मीना कुमारी व अन्य से जुड़ी 257 याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए फैक्ट फाइंडिंग कमीशन को जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया था। कमीशन का निर्धारित कार्यकाल समाप्त होने के बाद अदालत ने जांच पूरी करने के लिए तीन माह का अतिरिक्त समय दिया है।
Source link