![]()
लोहरदगा, शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित विभाग स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लोहरदगा के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की। महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तरुण वर्ग में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। विज्ञान प्रश्न मंच में दिव्या कुमारी, कोमल सिंह एवं रिषिका रानी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, वैदिक गणित प्रश्न मंच में विक्रम कुमार साहु, राजीव कुमार मेहता एवं हिमांशु कुमार साहू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में दीपिका कुमारी, श्रेयांशी राज व अपराजिता गर्ग की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। त्वरित भाषण प्रतियोगिता में स्मृति महतो ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन प्रांत स्तर पर आयोजित होने वाली प्रश्न मंच प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वे आगामी प्रतियोगिता में विभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिताओं में सहभागिता से ज्ञान, आत्मविश्वास और क्षमता का विकास होता है व विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के अंदर अनेक प्रतिभाएं और गुण छिपे होते हैं। विद्या भारती की योजनाओं के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से इन प्रतिभाओं को पहचानने और विकसित करने का अवसर मिलता है। अनुशासन, निरंतर परिश्रम और बड़ों के आशीर्वाद से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। महाविद्यालय के प्राचार्य, आचार्य एवं दीदीजी ने सभी सफल प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
Source link