![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केंजरा टोला तारोबबुरू गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर शवों को घर के आंगन में दफना दिया गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर तीनों शव तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। पुलिस को इस घटना की जानकारी 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरू की लिखित शिकायत के बाद मिली। शिकायत में बताया गया था कि जमीन विवाद के चलते राजिन दोरायबुरू (40), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (38) और उनके 12 वर्षीय बेटे काण्डे दोरायबुरू की हत्या कर शवों को छिपा दिया गया है। इस सूचना पर टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने केंजरा टोला तारोबबुरू से बोंज दोरायबुरू (19) और मुचिया दोरायबुरू (20) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर तीनों शव और हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी बरामद की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। हालांकि, मृतक के बेटे ने पुलिस को यह भी बताया है कि आरोपी उसकी मां पर डायन होने का आरोप लगाते थे। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि यह घटना 21 अगस्त को हुई थी, जबकि पुलिस को इसकी जानकारी 26 अगस्त को मिली। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को बरामद किया और मामले की जांच शुरू की।
Source link