![]()
दुमका जिला डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन का पांचवां महाधिवेशन रविवार को सिटी गार्डेन में संपन्न हुआ। इस दौरान एसोसिएशन का पुनर्गठन करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सुखेंदु चक्रवर्ती को चेयरमैन, दिलीप राउत को अध्यक्ष और विरेंद्र साहू को महासचिव मनोनीत किया गया। इसके अलावा उग्रसेन मंडल मुख्य सलाहकार, गणेश जायसवाल सचिव, जगदीश कुमार दे कोषाध्यक्ष और हरिमोहन झा को संगठन सचिव बनाया गया। कमलेश साहू और गोपी चोटिया को उपाध्यक्ष के साथ-साथ दस कार्यकारी सदस्यों को भी मनोनीत किया गया। महाधिवेशन में प्रदेश स्तर से आए पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिले के सभी प्रखंडों और शहर से जुड़े डेकोरेटर, कैटरर, हलवाई, फूल-सज्जा, टेंट व लाइट व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। बैठक की सबसे बड़ी बात यह रही कि सभी सदस्यों ने एकमत होकर एक अहम निर्णय लिया। अब से किसी भी पूजा समिति, शादी-विवाह या अन्य आयोजन में डेकोरेट, लाइट, पंडाल आदि का काम पूरा भुगतान वसूल करने के बाद ही किया जाएगा। एसोसिएशन ने साफ कहा कि जिन आयोजकों या समितियों का भुगतान बकाया रहेगा, उनका काम नहीं किया जाएगा। पदाधिकारियों ने आयोजकों से अपील की कि वे अपने बजट के अनुसार ही आयोजन करें, ताकि भुगतान करने में सक्षम रहें। साथ ही यह भी कहा गया कि बड़े आयोजन करा लेने के बाद कई समितियां भुगतान के समय आनाकानी करती हैं, जिससे व्यवसायियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस बाबत जानकारी देते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राउत ने बताया कि नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सभी सदस्य व्यवसायियों के हित में काम करने का संकल्प लिया गया है।
Source link