Aaj ka Mausam: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ली है. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कमजोर पड़ने के बाद भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है. कहीं आंधी के साथ बिजली चमक सकती है तो कहीं मूसलाधार बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है. दिल्ली-NCR में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. ऐसे में अगले 24 से 48 घंटे कई राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से सटे जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है. (IMD)
दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश से बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. IMD के अनुसार राजधानी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट से मौसम पहले के मुकाबले ठंडा महसूस हो सकता है. बादल छाने और बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी रखना जरूरी होगा.
29 अक्टूबर को इन 10 शहरों में कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| चेन्नई | 32°C | 26°C |
| मुंबई | 33°C | 26°C |
| पटना | 26°C | 22°C |
| लखनऊ | 29°C | 22°C |
| रांची | 22°C | 21°C |
| भोपाल | 28°C | 21°C |
| जयपुर | 28°C | 20°C |
| कोलकाता | 29°C | 24°C |
| दिल्ली | 30°C | 18°C |
| शिमला | 21°C | 12°C |
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है. लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुलंदशहर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, झांसी और अलीगढ़ में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. लखनऊ में 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान दिया गया है.
बिहार में 95 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
बिहार के कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाओं का खतरा जताया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, औरंगाबाद, गया, बेगूसराय, समस्तीपुर और कैमूर में मौसम खराब रह सकता है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. ऐसे हालात में कमजोर पेड़ों और अस्थायी निर्माण को नुकसान पहुंच सकता है. पटना में 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में कई जिलों पर भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में भी अर्नब से जुड़े मौसमी बदलाव का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. बारिश के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. रांची समेत दूसरे शहरों में बादल छाए रहने और मौसम ठंडा होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. (AP)
पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश की आशंका
पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है. कोलकाता के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और झाड़ग्राम में बारिश की आशंका है. दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
राजस्थान में हल्की बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
राजस्थान में बारिश का अलर्ट मुख्य रूप से हल्की से मध्यम गतिविधियों को लेकर है. जोधपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, भीलवाड़ा, अलवर, भरतपुर और सीकर में मौसम बदल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. तेज हवाओं के साथ बादल छाने और कुछ जगहों पर बारिश होने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. जयपुर में 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. विदर्भ में भी अच्छी बारिश हो सकती है जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगह बादल बरस सकते हैं. कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा चल सकती है. पूर्वानुमान के मुताबिक तूफान से जुड़ा वेदर सिस्टम आगे बढ़कर मध्य प्रदेश में गहरे अवदाब का रूप ले सकता है. इससे बारिश की अवधि और तीव्रता पर असर पड़ सकता है.
पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है. (PTI)
हरियाणा और पंजाब में आंधी के साथ बारिश की संभावना
हरियाणा और पंजाब में भी अगले 12 से 24 घंटों के दौरान मौसम बिगड़ सकता है. फरीदाबाद, गुरुग्राम और नूंह समेत हरियाणा के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है. 30 अक्टूबर को भी कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. पंजाब के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. लाहौल-स्पीति, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और किन्नौर में हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. मौसम में बदलाव के चलते तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी. ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के बाद सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच भी कुछ स्थानों पर बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम बदल सकता है. उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है. कुछ ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है. लगातार बारिश होने पर पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है. निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड का असर बढ़ सकता है.
दक्षिण भारत में भी बारिश और समुद्र में खराब हालात की आशंका
दक्षिण भारत में तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से सटे जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. चेन्नई में 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. कर्नाटक भी व्यापक मौसम अलर्ट में शामिल है. समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. गुरुवार तक मछली पकड़ने की गतिविधियों पर रोक का जिक्र भी किया गया है. असम, त्रिपुरा, नागालैंड और मिजोरम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम के बदलाव पर नजर रखी जा रही है.