10 साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) एक नवंबर को आयोजित होगी। परीक्षा में राज्यभर के 5,65,916 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए 24 जिलों में 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशास
.
हाल की भर्ती परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को देखते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार के स्तर से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। सभी जिलों के उपायुक्तों से आज 13 बिंदुओं पर फाइनल रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें परीक्षा केंद्रों की तैयारी से लेकर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तक की जानकारी शामिल है।

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी जिलों के उपायुक्तों से 13 बिंदुओं पर फाइनल रिपोर्ट मांगी है।
हर केंद्र पर प्रशासन रहेगा एक्टिव
प्रशासन की निगरानी केवल केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगी। स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरे, साइबर सेल, ट्रैफिक व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और सदर अस्पतालों की आपात व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की जा रही है।
साइबर सेल को सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए होटलों की भी जांच की जा रही है।
पहली पाली के लिए सुबह 7:30 बजे से प्रवेश
जेटेट में दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली कक्षा छह से आठ के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित है। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से केंद्र में प्रवेश मिलेगा। प्रवेश की अंतिम समय-सीमा सुबह 9 बजे है। इसके बाद मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा।

जेटेट में दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली कक्षा छह से आठ के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित है।
दूसरी पाली कक्षा एक से पांच के अभ्यर्थियों के लिए होगी। इसकी परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र पहुंचें।
रास्ते में लगने वाले जाम और प्रवेश के दौरान होने वाली जांच को ध्यान में रखकर घर से निकलें। देर से पहुंचने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी। भाषा, विषय और श्रेणी से संबंधित विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतें। इन जानकारियों में गलती होने पर सुधार का मौका नहीं मिलेगा। ओएमआर शीट में अनुचित गतिविधि या छेड़छाड़ मिलने पर उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी।
मोबाइल, स्मार्टवॉच और बैग लेकर न जाएं
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैग, पाउच, पर्स, किताबें और नोट्स भी प्रतिबंधित रहेंगे। केंद्रों पर सामान रखने की आधिकारिक व्यवस्था नहीं होगी। इसलिए अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामान लेकर न पहुंचें। अपने साथ एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट जरूर रखें।

आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी जैसे मूल फोटो पहचान पत्र भी साथ होना चाहिए। ओएमआर शीट भरने के लिए पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन लेकर जाएं। एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र का पता, पाली और रिपोर्टिंग समय पहले ही जांच लें।
दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के तहत श्रुतिलेखक की सुविधा भी दी जाएगी। इसके लिए संबंधित नियमों का पालन करना होगा।
समस्या होने पर जैक कंट्रोल रूम में करें संपर्क
परीक्षा से संबंधित जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने कंट्रोल रूम बनाया है। यह 31 अक्टूबर और एक नवंबर को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक सक्रिय रहेगा। अभ्यर्थी 7485093436, 7485093437 और 7485093440 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।