भास्कर न्यूज | केतार प्रखंड के बेलाबार गांव स्थित पूरबारा टोला की मिट्टीयुक्त सड़क हल्की बारिश में ही बदहाली की तस्वीर बयां करने लगी है। चक्रवात “अर्णब” के प्रभाव से हुई बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और फिसलन जमा हो गई है। इससे इस रास्ते से रोजाना आवागमन करने वाले मुकुंदपुर और मायर गांव के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी हर कदम पर फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है।स्थानीय ग्रामीण विक्रम लोहार, उदय सोनी, रघुवीर महतो, जमालुद्दीन अंसारी, उस्मान अंसारी और इदरीश अली समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस सड़क का आज तक निर्माण नहीं हुआ है। वर्षों से लोग इसी जर्जर कच्चे रास्ते से आवागमन करने को मजबूर हैं। बारिश होते ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है और लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब किसी मरीज या प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। सड़क की बदहाल स्थिति देखकर वाहन मालिक गांव तक आने से इनकार कर देते हैं। ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
Source link