![]()
वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष चुने गए हैं। बुधवार को हुए बार काउंसिल के चुनाव में उन्होंने 15 वोट लाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीलेश कुमार को 5 वोट से शिकस्त दी। चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें से एक वोट अवैध घोषित हो गया। वहीं, उपाध्यक्ष पद का चुनाव काफी रोमांचक रहा। चार दावेदारों में रिंकू भकत सबसे अधिक 10 वोट लाकर उपाध्यक्ष बनी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव को मात्र 1 वोट से हराया। श्रीवास्तव को 9 वोट मिले। वहीं, मधुलता रानी को 4 और अनिल कुमार महतो को 2 वोट मिले। इस पद के लिए पड़े वोटों में एक वोट अवैध घोषित हो गया। दूसरी ओर बीसीआई के प्रतिनिधि सदस्य पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें सबसे अधिक 18 वोट लाकर प्रशांत कुमार सिंह ने जीत हासिल की। जबकि, मनोज कुमार (द्वितीय) को 7 और संजय कुमार विद्रोही को 1 वोट मिले। मुख्य चुनाव पदाधिकारी सेवानिवृत्त जस्टिस अंबुज नाथ की देखरेख में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई। चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य सदस्यों ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। नए अधिवक्ताओं को लाइसेंस दिलाने और कल्याण के लिए काम करेगी बार काउंसिल झारखंड स्टेट बार काउंसिल का गठन होने के बाद नए अधिवक्ताओं का रजिस्ट्रेशन और उनका रिकॉर्ड रखने, अधिवक्ताओं के पेशेवर कदाचार से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करना और उनके अधिकारों व हितों की रक्षा करना शामिल है। इसके अलावा अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित करना, जरूरतमंद वकीलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए फंड का प्रबंधन, गरीबों को कानूनी सहायता और बार एसोसिएशनों को प्रोत्साहित करना भी इसकी जिम्मेदारी है। नए नेतृत्व के सामने अधिवक्ताओं के कल्याण, युवा वकीलों की समस्याओं, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और बार काउंसिल की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
Source link