Last Updated:
झारखंड के गिरिडीह में अपराधियों ने यूको बैंक से दस लाख रुपये लूटे. पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है और एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है.
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने यूको बैंक को निशाना बनाते हुए लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. जानकारी के मुताबिक, चार से पांच की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में धावा बोलकर करीब 10 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना की पुष्टि करते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि लूटी गई रकम का सटीक आंकड़ा बैंक के कैश मिलान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. उन्होंने आशंका जताई कि लूट की रकम 10 लाख रुपये से अधिक भी हो सकती है.
इस बीच एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस को खुली छूट दी गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को पाताल लोक से भी ढूंढकर निकाला जाएगा.
एसपी के इस बयान के कुछ ही देर बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. SDPO के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धनवार थाना क्षेत्र के बंसीडीह में खेतों में भाग रहे एक संदिग्ध अपराधी को दौड़ाकर पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक लूट की घटना के बाद फरार हो रहा था. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और अन्य अपराधियों की तलाश जारी है.
इस वारदात ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर त्योहारों के दौरान जब बैंकों, एटीएम और बाजारों में नकदी का लेनदेन बढ़ जाता है, ऐसे समय में बैंक जैसी संवेदनशील वित्तीय संस्था को निशाना बनाया जाना चिंता का विषय है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपराधियों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दिया? क्या बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी? अपराधी किस रास्ते से आए और किस रास्ते से फरार हुए? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…