चुनाव आयोग के पुनर्मतदान के फैसले का भाजपा ने स्वागत किया है, लेकिन साथ ही अधिक बूथों पर पुनर्मतदान की मांग भी उठाई है. विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कदम स्वागत योग्य है, लेकिन डायमंड हार्बर और फाल्टा क्षेत्र के कई अन्य बूथों पर भी दोबारा मतदान होना चाहिए था. वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर गड़बड़ी की कोशिशें हुई थीं, जिसके चलते पुनर्मतदान की नौबत आई. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इन घटनाओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है. राज्य मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर मतदान के दिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की ताकि बड़े पैमाने पर पुनर्मतदान हो और राज्य की छवि खराब की जा सके. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने उकसावे के बावजूद संयम बरता.
इसी बीच, TMC ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है. शशि पांजा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कई स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV कैमरों में रुक-रुक कर खराबी आ रही है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति EVM और VVPAT मशीनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है और इससे चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा कमजोर हो सकता है. पांजा ने सभी प्रभावित स्थानों की विस्तृत रिपोर्ट, पूरी निगरानी फुटेज और रियल-टाइम मॉनिटरिंग बहाल करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी. हालांकि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह का विवाद नहीं है.
Bengal Eletion Repolling LIVE: ममता बनर्जी का डर सामने आ गया – सुकांत मजूमदार
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: कथित ईवीएम छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सुबह ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा रही थीं और उन्हें काउंटिंग टेबल पर डटे रहने को कह रही थीं, लेकिन शाम होते-होते उनका अंदरूनी डर सामने आ गया. मजूमदार के मुताबिक, ममता बनर्जी को एहसास है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने जा रही है और वे विपक्ष की भूमिका में जाने की तैयारी कर रही हैं. उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करना आयोग की जिम्मेदारी है और अब तक उसने अच्छा काम किया है. साथ ही उन्होंने डायमंड हार्बर और फाल्टा के कुछ बूथों पर गड़बड़ी के आरोप दोहराते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं.
#WATCH | Kolkata: On alleged EVM tampering, Union Minister Sukanta Majumdar says, “Mamata Banerjee in the morning boosted confidence of her workers, urging them to hold on to counting tables, but by the evening, her inner fear took over, she knows that BJP is forming the… pic.twitter.com/NL8JjCDcA9
— ANI (@ANI) May 2, 2026
Bengal Eletion Repolling LIVE: ममता बनर्जी हताशा की स्थिति में पहुंच गई हैं – दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: दक्षिण 24 परगना जिले के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने डायमंड हार्बर में मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां किस तरह मतदान होता है, यह सभी जानते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी गड़बड़ी की कोशिशें हुईं, लेकिन शिकायतों के बाद पुनर्मतदान कराया जा रहा है. दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हताशा की स्थिति में पहुंच गई हैं और अब हर गली-मोहल्ले में प्रचार कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी को अपने कार्यकर्ताओं को काउंटिंग तक सक्रिय रखने की चिंता है, जिससे उनकी हार की आशंका झलकती है. घोष ने यह भी कहा कि यदि टीएमसी जीत रही है तो फिर अव्यवस्था क्यों फैलाई जा रही है, जबकि जनता अब ममता सरकार के खिलाफ खड़ी हो चुकी है.
#WATCH | Kolkata, West Bengal | On repolling on 15 booths in South 24 Parganas tomorrow, BJP candidate from Kharagpur Dilip Ghosh says, “Everyone knows how the polling is done in Diamond Harbour… Efforts were made for the same this time as well, but it failed. Repolling is now… pic.twitter.com/VYnyjtrXFN
— ANI (@ANI) May 2, 2026
Bengal Eletion Repolling LIVE: पश्चिम बंगाल में दोबारा मतदान शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल के दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर री-पोलिंग शुरू हो गई है. इस दौरान संबंधित बूथ के मतदाता ही इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे. मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती की गई है. पोलिंग स्टेशन को अभेद्य किला बना दिया गया है.
Bengal Chunav Results LIVE: ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर घमासान
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक तकरार और तेज हो गई है. अलग-अलग दलों के नेताओं ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा, वोटर वेरिफिकेशन के तरीकों और चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए. दूसरी तरफ, कोलकाता में ईवीएम रखे जाने वाले स्ट्रॉन्गरूम के बाहर भी तनाव बढ़ गया. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस विवाद पर अपनी राय रखते हुए ईवीएम को लेकर जताई जा रही चिंताओं और मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) को लेकर चल रही बहस के बीच अंतर स्पष्ट किया. पत्रकारों से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वे चुनाव से पहले के चरण में ईवीएम के साथ छेड़छाड़ के आरोपों से सहमत नहीं हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदान के बाद ईवीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करना राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है. केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में हिंसा और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना भरोसा जताया है और वे राजनीतिक बदलाव की ओर अग्रसर हैं. सीपीआई (एम) नेता वृंदा करात ने तृणमूल और भाजपा, दोनों की आलोचना करते हुए बंगाल की स्थिति को लोकतांत्रिक मानदंडों के लिए नुकसानदायक बताया. कोलकाता में एक स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर कथित हंगामे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में लोकतंत्र के लिए एक गंभीर स्थिति देखने को मिल रही है.
Bengal Chunav Results LIVE: TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ शिकायत, क्या है आरोप?
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: गाजियाबाद में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. सामाजिक संस्था जनशक्ति एक आवाज के पदाधिकारियों ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में यह शिकायत दी, जिसमें आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस अधिकारियों ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. शिकायत के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान अजयपाल शर्मा को पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था. उस दौरान उन्होंने टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान को मतदाताओं को धमकाने की शिकायत मिलने पर सख्त चेतावनी दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. आरोप है कि इस घटना के बाद महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर कुछ वीडियो साझा कर शर्मा की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित वीडियो की जांच पहले ही पूरी हो चुकी है और उसमें अजयपाल शर्मा को क्लीनचिट मिल चुकी है. साथ ही उनपर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है. समाजसेवी गौरव बंसल ने कहा कि आईपीएस अधिकारी की छवि को लगातार धूमिल करने की कोशिश की जा रही है, जिसके विरोध में यह शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है.
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है – विपक्षी दल
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: विपक्षी दलों ने राज्य सरकार पर ही लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है. सीपीआई(एम) नेता वृंदा करात ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है. टीएमसी के शासनकाल में चुनावी प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठते रहे हैं और विपक्षी दलों को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का मौका भी कई बार नहीं मिला.’ वृंदा करात ने यह भी कहा कि पंचायत चुनावों सहित कई मौकों पर विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन तक दाखिल करने से रोका गया. उनके अनुसार, यह स्थिति लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है, और इससे चुनावी प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित होती है.
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल में मतदान पर सियासी संग्राम तेज, टीएमसी ने लगाए हेराफेरी के आरोप
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने वोट में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि विपक्ष ने इन दावों को खारिज करते हुए राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. इस बीच, चुनाव आयोग के फैसलों और व्यवस्थाओं को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है. टीएमसी नेता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है. उन्होंने कहा, ‘मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं.’ घोष ने कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र में स्थित एक स्ट्रॉन्ग रूम का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं. उनके अनुसार, मीडिया को मिले सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग बैलेट के साथ काम करते नजर आए, जबकि वहां उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की मौजूदगी नहीं थी, जो कई सवाल खड़े करता है.
Bengal Chunav Results LIVE: 4 मई को 294 सीटों के मतगणना केंद्रों पर मौजूद रहेंगे जनरल ऑब्जर्वर्स, चुनाव आयोग का निर्देश
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनाव आयोग ने मतगणना के दिन और उसके बाद हिंसा या किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए कई कदम पहले ही तय कर दिए हैं. सूत्रों का कहना है कि अब तक यह तय किया गया है कि मतगणना केंद्रों के सबसे अंदरूनी सुरक्षा घेरे यानी मतगणना कक्षों में सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 200 कंपनियां तैनात की जाएंगी. इसके अलावा एक मतगणना केंद्र के अंदर और दूसरा केंद्र के बाहर, दो और सुरक्षा घेरों की व्यवस्था होगी. इस बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या घटाकर 77 कर दी गई है. अधिकृत चुनाव अधिकारी, कर्मचारी, राजनीतिक दलों के एजेंट और उम्मीदवारों को मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए तीन स्तर की जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा. पहले और दूसरे चरण में पहचान पत्र की मैन्युअल जांच होगी, जबकि तीसरे चरण में क्यूआर कोड के जरिए पहचान सत्यापन किया जाएगा. वहीं, 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा को देखते हुए चुनाव आयोग ने एहतियात के तौर पर अगली सूचना तक राज्य में सीएपीएफ की 700 कंपनियां तैनात रखने का फैसला किया है.
Bengal Chunav Results LIVE: 4 मई को 294 सीटों के मतगणना केंद्रों पर मौजूद रहेंगे जनरल ऑब्जर्वर्स, चुनाव आयोग का निर्देश
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनाव आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों के सामान्य पर्यवेक्षकों (जनरल ऑब्जर्वर्स) को निर्देश दिया कि वे 4 मई को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने से पहले अपने-अपने मतगणना केंद्रों और मतगणना हॉल में मौजूद रहें. आयोग ने यह भी कहा है कि वे मतगणना पूरी होने और विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाणपत्र दिए जाने तक वहां मौजूद रहें. पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक सूत्र ने बताया कि आयोग ने यह भी तय किया है कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी गड़बड़ी या अनियमितता के लिए जनरल ऑब्जर्वर्स को जिम्मेदार माना जाएगा. सूत्र ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि जनरल ऑब्जर्वर्स को मतगणना की कार्यवाही की नियमित जानकारी कोलकाता स्थित सीईओ कार्यालय के केंद्रीय कंट्रोल रूम और संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (जिला निर्वाचन अधिकारी) के कार्यालयों में बने जिलास्तरीय कंट्रोल रूम को देनी होगी.
Bengal Chunav Results LIVE: TMC क्यों पहुंची सुप्रीम कोर्ट, क्या चाहती हैं ममता बनर्जी? CJI की बेंच आज करेगी सुनवाई
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले अब वहां सुप्रीम कोर्ट की एंट्री हो गई है. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में एक तत्काल सुनवाई के लिए अर्जी दी. इसमें उसने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसके तहत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दो चरणों के लिए मतगणना पर्यवेक्षक के तौर पर केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया था. भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने इस मामले पर शनिवार को तत्काल सुनवाई करने के निर्देश दिए. TMC द्वारा यह कदम तब उठाया गया जब कलकत्ता हाईकोर्ट ने TMC की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें काउंटिंग सेंटर्स पर सुपरवाइजर के तौर पर केंद्र सरकार के कर्मचारियों की नियुक्ति को चुनौती दी गई थी.
Bengal Eletion Repolling LIVE: EVM स्ट्रॉन्ग रूम पर तकरार जारी, टीएमसी ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर नया विवाद सामने आया है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता शशि पांजा ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर कई स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV के बार-बार बंद होने पर गंभीर चिंता जताई है. 1 मई को लिखे गए पत्र में पांजा ने कहा कि कोलकाता, जलपाईगुड़ी, गाइघाटा विधानसभा क्षेत्र, चंदननगर गवर्नमेंट कॉलेज और जंगीपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज समेत कई स्थानों से CCTV निगरानी में रुकावट की शिकायतें मिली हैं. उन्होंने आशंका जताई कि इससे EVM और VVPAT मशीनों की सुरक्षा और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं. पांजा ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए 24×7 निर्बाध CCTV निगरानी सुनिश्चित करने और पूरी रिकॉर्डिंग तक तत्काल पहुंच देने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी आंदोलन का रास्ता अपना सकती है.
Bengal Eletion Repolling LIVE: पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर आज दोबारा वोटिंग
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में कथित छेड़छाड़ और गड़बड़ियों की शिकायतों के बीच चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है. आयोग के अनुसार, 2 मई को मग्राहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर क्षेत्र के 4 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा. चुनाव आयोग ने यह निर्णय रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर लिया है. आयोग ने स्पष्ट किया कि 29 अप्रैल को हुए मतदान को इन बूथों पर निरस्त करते हुए जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है. साथ ही निर्देश दिया गया है कि मतदाताओं को ढोल बजाकर सूचना दी जाए और सभी उम्मीदवारों को लिखित रूप में इसकी जानकारी दी जाए.