![]()
चतरा जिले के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र के कटैया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया। इसके बाद उसे लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता राजकुमारी देवी चापाकल पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले जमीन विवाद को लेकर महिला से विवाद किया। इसके बाद डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उस पर हमला कर दिया। घटना के दौरान महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन हमलावर लगातार उसे पीटते रहे। बेल्ट और लात-घूंसों से किया हमला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुरुष महिला को बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। वह महिला पर लगातार लात-घूंसे बरसाता है। इसके बाद बेल्ट से भी उसकी पिटाई करता है। इसी बीच एक अन्य युवक और महिला भी वहां पहुंच जाते हैं। दोनों भी पीड़िता के साथ मारपीट करने लगते हैं। वीडियो में मुख्य आरोपी की हैवानियत साफ दिखाई देती है। वह महिला के सीने पर चढ़ जाता है। इसके बाद उसके सिर और छाती पर कई बार लात मारता है। महिला दर्द से कराहती रहती है। इसके बावजूद हमलावर उसे नहीं छोड़ते। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भूमिका भी जांच का विषय है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। महिला के साथ हुई इस बर्बरता को लेकर लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचाया, सदर अस्पताल रेफर घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़िता का बयान और उसके लिखित आवेदन के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता राजकुमारी देवी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पीड़िता ने डायन-बिसाही का आरोप लगाकर मारपीट किए जाने की बात भी कही है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से ले रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का आधार बनाया गया है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link