![]()
चतरा के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची को तीन दिनों तक घर में रखने का मामला सामने आया है। मामले में सुनीता देवी और विकास ठाकुर पर बच्ची को घर में बंधक बनाने का आरोप लगा है। बताया जाता है कि बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच बच्ची वापस घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना बताई। बच्ची के अनुसार, उसे तीन दिनों तक आरोपियों के घर में रखा गया था। यह जानकारी गांव में फैलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने सुनीता देवी और विकास ठाकुर को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को रस्सी से पेड़ में बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों को मुक्त कराया और अपने साथ थाने ले गए। खबर से जुड़ी तस्वीरें देखें…. महिला के मोबाइल से अज्ञात युवक से बात करती थी बच्ची थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, नाबालिग बच्ची आरोपी महिला के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात युवक से बातचीत करती थी। जांच में पता चला कि युवक कथित तौर पर साइबर ठगी से जुड़ा था। वह अलग-अलग बहाने बनाकर बच्ची को अपने जाल में फंसाता था और उससे पैसे लेता था। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने सुनीता देवी से करीब 60 हजार रुपए लिए थे। यह रकम उसने उस अज्ञात युवक को दे दी थी। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो बच्ची रकम लौटाने में असमर्थ रही। इसी पैसे के विवाद में महिला ने बच्ची को अपने घर में तीन दिनों तक रखा था। दोनों आरोपी हिरासत में, बच्ची की होगी मेडिकल जांच फिलहाल पुलिस ने सुनीता देवी और विकास ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्ची को किन परिस्थितियों में तीन दिनों तक घर में रखा गया था और इसमें दोनों आरोपियों की क्या भूमिका थी। थाना प्रभारी ने बताया कि नियमानुसार नाबालिग बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात युवक की पहचान करने का भी प्रयास कर रही है, जिसके साथ बच्ची बातचीत करती थी और जिसे कथित तौर पर 60 हजार रुपए दिए गए थे।
Source link