Last Updated:
Jamshedpur Famous Mobile Repair Market: जमशेदपुर की जवाहर मार्केट मोबाइल रिपेयरिंग के लिए बहुत फेमस है और ये बाजार कम से कम 20-25 साल पुरानी है. यहां लाइन से इतनी ही दुकानें हैं जहां मोबाइल से जुड़ी हर एक्सेसरी भी मिलती हैं और आंखों के सामने फोन ठीक करके दिया जाता है.
जमशेदपुर. आज के समय में स्मार्टफोन हर किसी की जरूरत बन चुका है. चाहे पढ़ाई हो, काम हो या मनोरंजन – हर चीज के लिए लोग अपने फोन पर निर्भर हैं. लेकिन परेशानी तब बढ़ जाती है, जब फोन खराब हो जाता है और सर्विस सेंटर में भी ठीक नहीं हो पाता. ऐसे में लोग अक्सर नया फोन खरीदने की सोचने लगते हैं. लेकिन जमशेदपुर का एक ऐसा बाजार है, जहां आपकी यह चिंता काफी हद तक खत्म हो सकती है.
यह है शहर का मशहूर जवाहर मार्केट, जिसे सुपर सेल मार्केट के नाम से भी जाना जाता है. यह बाजार मोबाइल रिपेयरिंग के लिए किसी हब से कम नहीं है. यहां 20 से 25 साल पुराने फोन भी आसानी से ठीक कर दिए जाते हैं, जो आज के समय में बेहद दुर्लभ बात है.
मिलता है हर पार्ट
इस मार्केट की सबसे खास बात यह है कि यहां आपको लगभग हर तरह के मोबाइल पार्ट्स मिल जाते हैं. चाहे फोन की स्क्रीन टूट गई हो, बैटरी खराब हो, मदरबोर्ड में दिक्कत हो या कोई छोटा-मोटा पार्ट बदलना हो – हर समस्या का समाधान यहां मौजूद है. दुकान संचालक शेख आबिद बताते हैं कि इस मार्केट में करीब 25 से 30 मोबाइल रिपेयरिंग की दुकानें हैं, जहां अनुभवी कारीगर काम करते हैं.
रिपेयरिंग भी होती है
यहां सिर्फ रिपेयरिंग ही नहीं, बल्कि फोन से जुड़ी कई अन्य सेवाएं भी मिलती हैं. जैसे – स्क्रीन लेमिनेशन, बैक कवर बदलना, सॉफ्टवेयर अपडेट करना और नए-पुराने सभी मॉडल्स की सर्विसिंग. खास बात यह है कि यहां पुराने से पुराने और नए से नए स्मार्टफोन के लिए भी जरूरी चीजें आसानी से उपलब्ध रहती हैं.
उसी दिन ठीक कर देते हैं फोन
जवाहर मार्केट की लोकप्रियता सिर्फ जमशेदपुर तक सीमित नहीं है. आसपास के गांवों से भी लोग यहां आते हैं. कई ग्राहक तो 50 से 60 किलोमीटर दूर से सिर्फ अपना फोन बनवाने के लिए इस बाजार तक पहुंचते हैं. यहां की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अधिकतर मामलों में फोन उसी दिन ठीक करके दे दिया जाता है, जिससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचता है.
चार्ज भी वाजिब होते हैं
इसके अलावा, यहां काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है. ग्राहक के सामने ही फोन की मरम्मत की जाती है और कीमत भी काफी वाजिब होती है. यही वजह है कि लोग इस बाजार पर भरोसा करते हैं और बार-बार यहां आना पसंद करते हैं.
जमशेदपुर का यह जवाहर मार्केट उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनका फोन खराब हो गया है और उन्हें जल्दी और सस्ते में समाधान चाहिए. यह बाजार न सिर्फ लोगों की समस्याएं हल कर रहा है, बल्कि पुराने फोन को नई जिंदगी भी दे रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें