![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बीएसएल के मानव संसाधन विभाग की ओर से एचआर/एलएंडडी रिट्रीट में मिलेट्स आधारित पाककला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम जनजातीय विरासत और मिलेट्स की पौष्टिकता का संगम रखी गई थी। इसमें बीएसएल कर्मियों की 16 पत्नियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर झारखंड की पारंपरिक जनजातीय पाककला और खानपान की समृद्ध विरासत को व्यंजनों के माध्यम से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मोटे अनाज यानी मिलेट्स से बने कई स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए। पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक अंदाज में व्यंजनों की सजावट और प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और पाककला कौशल के जरिए जनजातीय खानपान की विशिष्टता को दर्शाया। कार्यक्रम में सीजीएम (एचआर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन सीजीएम (शॉप्स एंड फाउंड्री) जेएन हांसदा और जीएम (आरसीएल) सुनीता मिंज ने किया। निर्णायकों ने व्यंजनों की विविधता, गुणवत्ता और आकर्षक प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साह भी बढ़ाया। आयोजन का उद्देश्य मिलेट्स के पोषण संबंधी महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनजातीय समुदायों की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।
Source link