![]()
कर्मचारियों का आरोप है कि सेल प्रबंधन उनके बकाया के भुगतान से पीछे हट रहा है। बीएसएल के कर्मचारियों के 39 माह के फिटमेंट एरियर पर प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को हुई एनजेसीएस की बैठक में भी कर्मचारियों को निराशा हाथ लगी। एरियर भुगतान पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाए प्रबंधन ने भुगतान से इनकार कर दिया। अब यूनियनें भी आर-पार की लड़ाई की तैयारी में हैं। विडंबना है कि जिस अवधि का एरियर बकाया है, उस समय बीएसएल में करीब 12 हजार कर्मचारी कार्यरत थे। अब इनकी संख्या घटकर लगभग 7500 रह गई है। यानी करीब 4500 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन उनके हिस्से का एरियर भी अब तक नहीं मिला है। आवास-वाहन ऋण व एडवांस सुविधा बंद एरियर का मामला अकेला नहीं है। सेल के गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के 27 प्रमुख मुद्दे कॉरपोरेट कार्यालय स्तर पर लंबित हैं। इनमें 14 साल से बंद आवास और वाहन ऋण, 18 साल से संशोधन की प्रतीक्षा कर रहा इंसेंटिव फॉर्मूला, 18 साल से नहीं बढ़ा फेस्टिवल एडवांस और पांच साल से अटका एरियर शामिल हैं। लैपटॉप, फर्नीचर, ड्रेस और मोबाइल सुविधाओं के साथ दुर्घटना बीमा, पे-स्केल, प्रमोशन नीति और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े मुद्दे भी लंबित हैं। कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि प्रबंधन कर्मचारियों की सुविधाओं और आर्थिक हितों से जुड़े फैसलों को लगातार टाल रहा है। प्रबंधन का तर्क- मामला कोर्ट में है लंबित
सेल के प्रदर्शन को लेकर भी कर्मचारियों के सवाल हैं। इस्पात मंत्रालय की ओर से राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2016-17 में सेल को 2833 करोड़ और 2017-18 में 482 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ था। वहीं 2018-19 में 2179 करोड़ तथा 2019-20 में 2022 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ। यानी दो वर्षों में कंपनी ने कुल 4201 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। कर्मचारियों का सवाल है कि मुनाफे के वर्षों में भी उनके बकाया के भुगतान की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं हो रही है? इसपर सेल प्रबंधन का तर्क है कि एरियर भुगतान का मामला न्यायालय में लंबित है और हलफनामा भी दाखिल किया गया है। इसलिए फिलहाल भुगतान पर निर्णय नहीं लिया जा सकता।
Source link