जमशेदपुर: आज के दौर में शहरी क्षेत्रों में फैशन और ट्रेंड के अनुसार कपड़े पहनने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. कोई जींस-शर्ट पहनना पसंद करता है, तो कोई कोट-पैंट में नजर आता है, लेकिन झारखंड की खूबसूरती सिर्फ यहां के प्राकृतिक नजारों में ही नहीं, बल्कि यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं में भी छिपी हुई है. आज भी झारखंड के कई आदिवासी समुदाय अपनी संस्कृति और पारंपरिक पहनावे को पूरी इज्जत और सम्मान के साथ संजोकर रखे हुए हैं. खासकर शादी-विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और किसी विशेष आयोजन में ये लोग अपने पारंपरिक कपड़े पहनकर अपनी अलग पहचान प्रदर्शित करते हैं.
इसी परंपरा की एक खूबसूरत तस्वीर हमें झारखंड के उरांव जनजाति से आने वाले अंकित उरांव में देखने को मिली. अंकित कुड़ुख समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. उनका पहनावा सिर से लेकर पांव तक बिल्कुल अलग और आकर्षक था. उनके कपड़ों की खासियत यह थी कि शरीर के प्रत्येक हिस्से में इस्तेमाल होने वाली वस्तु का अपना एक पारंपरिक नाम और सांस्कृतिक महत्व है.
उरांव जनजाति का ये है पारंपरिक आभूषण
अंकित ने बताया कि उन्होंने कमर के नीचे खारिया टोलोंग पहना हुआ था. वहीं, बाजुओं पर खास तरह का कपड़ा धारण किया था, जिसे उनके समुदाय में गतला कहा जाता है. इसके अलावा गले में उन्होंने पारंपरिक आभूषण पहने थे, जिन्हें गामिया, चंदवा और हंसली के नाम से जाना जाता है. ये आभूषण उनके पारंपरिक पहनावे को और भी खास बनाते हैं. वहीं, दोनों बाजुओं में बैकल नाम की चूड़ी जैसी पारंपरिक आभूषण पहने हुए थे.
पैरों में पहने हुए घुंघरू
इसके अलावा उनके पैरों में घुंघरू भी नजर आ रहे थे, जिन्हें समुदाय में घुंघुर कहा जाता है. वहीं, बालों को समेटने और सजाने के लिए उन्होंने पटवा का इस्तेमाल किया था. इसके साथ ही बगुले के पंखों से बना खास तैया ( टोपी ) उनके सिर की शोभा बढ़ा रही थी. इन सभी पारंपरिक वस्तुओं को एक साथ देखने पर उनका पूरा पहनावा आदिवासी संस्कृति की एक खूबसूरत झलक पेश कर रहा था.
अंकित उरांव ने बताया कि आज के समय में जहां ज्यादातर लोग जींस, शर्ट, पैंट और कोट पहनना पसंद करते हैं. वहीं, हमारे समुदाय के लोग भी रोजमर्रा की जिंदगी में आधुनिक कपड़े पहनते हैं, लेकिन जब भी कोई खास सांस्कृतिक कार्यक्रम, शादी-विवाह या पारंपरिक आयोजन होता है, तो हम अपने पारंपरिक परिधान को पहनना पसंद करते हैं. इससे हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एहसास होता है. उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है और हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ी भी अपनी परंपराओं, पहनावे और पहचान को समझे और उसका सम्मान करे.
दरअसल, आदिवासी समाज का पारंपरिक पहनावा केवल शरीर ढकने का साधन नहीं है. बल्कि यह उनकी पहचान, इतिहास, रहन-सहन और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है. बदलते फैशन के इस दौर में अंकित उरांव जैसे युवा यह संदेश दे रहे हैं कि आधुनिकता अपनाने के साथ अपनी संस्कृति को भूलना जरूरी नहीं है. अपनी परंपरा को गर्व से पहनना ही अपनी पहचान को जीवित रखने का सबसे खूबसूरत तरीका है.