Last Updated:
Jamshedpur Female Toto Driver Story: जमशेदपुर की ललिता देवी पिछले 11 सालों से टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं. पति के बीमार होने के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली और अब दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बना रही हैं. उनकी कहानी दूसरों के लिए प्रेरणादायक है.
जमशेदपुर. कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत करने का जज्बा हो तो मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों को भी मात दी जा सकती है. घर की जिम्मेदारियां संभालने वाली महिलाएं जब जरूरत पड़ने पर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठा लेती हैं तो पूरे परिवार की जिंदगी बदल जाती है. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी जमशेदपुर की रहने वाली ललिता देवी की है, जो पिछले 11 वर्षों से इलेक्ट्रिक ऑटो यानी टोटो चलाकर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं.
11 सालों से चला रही हैं ऑटो
ललिता देवी अपने पति, तीन बच्चों और सास-ससुर के साथ रहती हैं. उनकी जिंदगी में एक समय ऐसा आया जब उनके पति का एक्सीडेंट हो गया. इसके बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं रहने लगी और परिवार की जिम्मेदारियां धीरे-धीरे ललिता देवी के कंधों पर आ गईं. घर चलाने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और पति के इलाज तक की जिम्मेदारी उनके सामने थी. लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के सामने घुटने टेकने के बजाय खुद मेहनत करने का फैसला किया. इसी हौसले के साथ उन्होंने इलेक्ट्रिक ऑटो चलाना शुरू किया और आज पिछले 11 वर्षों से लगातार इस काम में जुटी हुई हैं.
सुबह 10 से रात 10 तक काम
ललिता देवी बताती हैं कि उनका दिन सुबह से ही शुरू हो जाता है. सबसे पहले वह घर के सभी सदस्यों के लिए खाना बनाती हैं और घर का जरूरी काम निपटाती हैं. इसके बाद करीब सुबह 10 बजे अपना टोटो लेकर कमाने के लिए निकल जाती हैं. दिनभर सवारी बैठाकर मेहनत करती हैं और रात करीब 10 बजे घर वापस पहुंचती हैं. इसके बाद भी परिवार की जिम्मेदारियां उनका इंतजार करती हैं. वह बताती हैं कि अब बच्चे बड़े हो गए हैं, इसलिए घर की जिम्मेदारियों को संभालने में थोड़ी आसानी हो गई है.
उनके लिए परिवार की जरूरतें ही सबसे बड़ी प्रेरणा हैं. पति का इलाज, बच्चों की पढ़ाई और सास-ससुर की देखभाल, इन सभी जिम्मेदारियों को वह अपनी मेहनत से पूरा कर रही हैं. ललिता देवी कहती हैं कि मैं किसी बात की चिंता नहीं करती हूं. मुझे अपनी मेहनत पर विश्वास है. जब तक शरीर साथ देगा, मैं काम करती रहूंगी और अपने परिवार को आगे बढ़ाती रहूंगी.
कई महिलाओं को सिखाया टोटो
ललिता देवी की कहानी सिर्फ अपने परिवार तक ही सीमित नहीं है. उन्होंने अब तक 10 से अधिक महिलाओं को टोटो चलाना भी सिखाया है, ताकि वे भी अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें. एक महिला होकर दूसरी महिलाओं को रोजगार का रास्ता दिखाना उनके हौसले और सोच को दर्शाता है.
वहीं, उनके टोटो में सफर करने वाली महिला यात्री भी उन्हें देखकर काफी प्रभावित होती हैं. एक महिला यात्री ने मुस्कुराते हुए बताया कि उन्होंने पहली बार जमशेदपुर में किसी महिला को इतनी अच्छी तरह टोटो चलाते देखा है. ललिता देवी का व्यवहार भी काफी अच्छा है और उनके साथ सफर करना सुखद अनुभव है.
आज ललिता देवी उन महिलाओं के लिए मिसाल हैं जो मुश्किल परिस्थितियों में हार मान लेती हैं. उन्होंने साबित कर दिया है कि महिला सिर्फ घर की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक ताकत भी बन सकती है. उनका संघर्ष बताता है कि आत्मविश्वास, मेहनत और हौसले से किसी भी मुश्किल रास्ते को आसान बनाया जा सकता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…