Last Updated:
आलू की खेती से अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो सिर्फ खेत की तैयारी और खाद पर ध्यान देना काफी नहीं है, बल्कि सही बीज और उन्नत किस्मों का चुनाव भी जरूरी है. झारखंड के पलामू जिले के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार के मुताबिक, किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती और उचित प्रबंधन अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रख सकते हैं. इसके लिए रोगमुक्त बीज, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक और फसल को झुलसा रोग से बचाना जरूरी है. उन्होंने कुफरी अशोका, कुफरी चंद्रमुखी, कुफरी लालिमा और कुफरी सिंदूरी जैसी उन्नत किस्मों की जानकारी भी दी है.
आलू की खेती किसानों के लिए अच्छी आमदनी का जरिया बन सकती है. हालांकि, बेहतर उत्पादन के लिए केवल खेत की तैयारी और खाद का इस्तेमाल ही काफी नहीं है, बल्कि उन्नत प्रभेदों का चयन करना भी बेहद जरूरी है. अगर किसान सही प्रभेद का चुनाव करें और वैज्ञानिक तरीके से खेती करें तो उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी कर सकते हैं. अभी जिन किसानों को एक कट्ठे में करीब दो क्विंटल आलू का उत्पादन मिल रहा है, वे बेहतर बीज और उचित प्रबंधन के जरिए इसे चार क्विंटल तक पहुंचाने का लक्ष्य रख सकते हैं.
पलामू जिले के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि आलू की खेती में सबसे पहले अच्छे और रोगमुक्त बीज का चयन करना चाहिए. इसके लिए किसानों को उन्नत किस्मों के आलू का इस्तेमाल करना चाहिए. बीज के रूप में छोटे आकार के कंद का चयन करना बेहतर रहता है. इसके साथ ध्यान रखें कि कंद में कम से कम एक-दो स्वस्थ आंखें जरूर हों. अगर बड़े आलू की कटिंग करके बीज तैयार कर रहे हैं तो कटे हुए हिस्से का बीज उपचार करना बेहद जरूरी है. इससे फफूंद जनित रोगों का खतरा कम करने में मदद मिलती है.
उन्होंने बताया कि आलू की खेती में बीज उपचार के लिए मैंकोजेब या इंडोफिल एम-45 का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए तीन ग्राम दवा प्रति लीटर पानी में घोल तैयार कर बीज का उपचार करने की सलाह दी जाती है. उपचार के बाद बीज को उचित तरीके से सुखाकर ही खेत में लगाएं. इससे बीज के सड़ने और शुरुआती संक्रमण की आशंका कम हो सकती है. जिससे उपज में भी लाभ मिल सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आलू की खेती में उर्वरक प्रबंधन भी काफी महत्वपूर्ण है. खासकर पोटाश का प्रयोग जरूर करना चाहिए, क्योंकि यह कंद के विकास और उसकी गुणवत्ता में अहम भूमिका निभाता है. हालांकि, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश का इस्तेमाल मिट्टी की जांच और फसल की जरूरत के अनुसार संतुलित मात्रा में करना चाहिए. जरूरत से ज्यादा उर्वरक डालने से उत्पादन बढ़ने के बजाय नुकसान भी हो सकता है.
सर्दियों के मौसम में आलू की फसल को पछेती झुलसा यानी लेट ब्लाइट रोग से बचाना भी जरूरी है. इस रोग का प्रकोप होने पर पत्तियों पर भूरे या काले धब्बे दिखाई देने लगते हैं. इसके नियंत्रण के लिए इंडोफिल एम 45 आधारित दवा का इस्तेमाल कर सकते है. सामान्य तौर पर 2.5 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव की सलाह दी जाती है. रोग की स्थिति और दवा के लेबल के अनुसार मात्रा में बदलाव हो सकता है.
उन्होंने बताया कि आलू की खेती में किसान अलग-अलग अवधि में तैयार होने वाली किस्मों का चयन कर सकते हैं. कुफरी अशोका करीब 70 से 80 दिनों में तैयार हो जाती है. वहीं कुफरी चंद्रमुखी को तैयार होने में 80 से 90 दिन लगते हैं. कुफरी लालिमा लगभग 90 से 100 दिनों में तैयार होती है. जबकि कुफरी सिंदूरी को तैयार होने में करीब 110 दिन का समय लगता है. किसान अपनी जमीन, सिंचाई की सुविधा और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए इन प्रभेदों का चयन कर सकते हैं.