Last Updated:
Shakti Sadan Palamu: पलामू जिले में संकट में फंसी महिलाओं के लिए शक्ति सदन की शुरुआत की गई है, जहां घरेलू हिंसा और अन्य शोषण से पीड़ित महिलाओं को तीन साल तक सुरक्षित आश्रय और सुविधाएं मिलेंगी.
Shakti Sadan Palamu: महिलाओं की सुरक्षा और उनके पुनर्वास को लेकर पलामू जिले में नई पहल की गई है. घरेलू हिंसा, मारपीट, प्रताड़ना और अन्य तरह के शोषण से पीड़ित महिलाओं को अब लंबे समय तक सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा. जिले में शक्ति सदन की शुरुआत की गई है. जहां जरूरतमंद महिलाओं को तीन साल तक रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसका उद्देश्य संकट में फंसी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना. उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है. इसके संचालन के लिए विभाग से स्वीकृति मिल चुकी है.
50 बेड की व्यवस्था, खाने-पीने की सुविधा भी
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने बताया की पलामू में पहले से सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित है, जहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता दी जाती है. अधिकतम 10 दिनों तक ठहरने की व्यवस्था रहती है. वहीं शक्ति सदन में महिलाओं को लंबे समय तक आश्रय देने की व्यवस्था की गई है. जानकारी के अनुसार, कांदु मोहल्ला, मेदिनीनगर में ग्रामीण समाज कल्याण विकास मंच के माध्यम से इसका संचालन किया जा रहा है. यहां 50 बेड की क्षमता है. 18 वर्ष से अधिक उम्र की पीड़ित महिलाओं और रेस्क्यू की गई तस्करी पीड़ित महिलाओं को यहां आश्रय दिया जा सकेगा.
तीन साल तक रहने के साथ मिलेंगे 500 रुपये प्रतिमाह
शक्ति सदन में रहने वाली महिलाओं को तीन साल तक भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा प्रत्येक महिला को प्रतिमाह 500 रुपये देने की व्यवस्था भी बताई गई है. महिलाओं की जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रताड़ना से प्रभावित महिलाएं मानसिक और शारीरिक रूप से बेहतर स्थिति में पहुंच सकें.
कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनाने की पहल
बता दें कि संचालन में केयर टेकर ने बताया कि शक्ति सदन में महिलाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. जिससे वे भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हासिल कर सकें. यहां पुलिस प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की निगरानी में व्यवस्था संचालित होगी. जरूरत पड़ने पर महिलाओं के परिवार से संपर्क कर सुरक्षित पुनर्वास की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी. इस पहल से उन महिलाओं को सहारा मिलने की उम्मीद है, जो हिंसा या प्रताड़ना के बाद घर छोड़ने को मजबूर हैं. जिनके पास रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …