सिटी रिपोर्टर | बोकारो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में डीपीएस बोकारो ने एक नई पहल की है। विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त डिप्स क्रिकेट एकेडमी का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को आयोजित समारोह में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने बतौर मुख्य अतिथि एकेडमी का उद्घाटन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस एकेडमी से भी महेंद्र सिंह धोनी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे। इसके लिए जेएससीए की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। शाहदेव ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, एकाग्रता और संघर्ष करने का जज्बा विकसित करता है। आज खेल के क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को लगन और ईमानदारी से मेहनत करने की प्रेरणा दी। मौके पर बोकारो डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजेश रंजन, प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार तथा बीसीसीआई लेवल-1 कोच दीपक कुमार सिंह और संजय कुमार मौजूद थे। इस दौरान प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने कहा कि एकेडमी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण देना है। क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि जुनून है, जो पूरे देश को एकसूत्र में बांधता है। पढ़ाई के साथ खेलों का संतुलन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने डीपीएस के विद्यार्थियों के अलावा अन्य बच्चों और युवाओं से भी एकेडमी का लाभ उठाने की अपील की। एकेडमी के कोऑर्डिनेटर एवं वरीय खेल शिक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए दो पेशेवर ए-लेवल कोच की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-4 स्थित विद्यालय के विशाल क्रिकेट मैदान में एक सीमेंटेड और तीन टर्फ पिच तैयार की गई हैं। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के अभ्यास के लिए आधुनिक प्रशिक्षण उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। समारोह की शुरुआत स्वागत गान और सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। छात्राओं ने बिहू नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि को पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन हेड गर्ल स्वर्णिम ने व धन्यवाद ज्ञापन ब्रजेश कुमार सिंह ने किया।
Source link