![]()
होटल एके इंटरनेशनल में गोलीबारी के आरोपी और राहुल दुबे गैंग के सदस्य तुषार मिश्रा ने पुलिस रिमांड के दौरान भागने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा बलों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। इस दौरान हुई हाथापाई में तुषार के पैर में गंभीर चोट लग गई। उसे पकड़ने की कोशिश में एक पुलिस जवान भी घायल हो गया। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास हुई। दोनों घायलों को देर रात शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी अमन कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल आरोपी से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन से उतरते ही भागा 20 नवंबर 2026 को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के आरोपी तुषार मिश्रा को पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाया जा रहा था। इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने की बात कही। पुलिस वाहन रोककर उसे नीचे उतारा गया। इसी दौरान तुषार ने मौका देखकर भागने की कोशिश की। वह तेजी से वहां से निकलने लगा। साथ चल रहे सुरक्षा बलों ने तत्काल उसका पीछा किया। जवानों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई हुई। इसमें तुषार के पैर में गंभीर चोट आई। वहीं, उसे पकड़ने की कोशिश में एक पुलिस जवान भी जख्मी हो गया। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। होटल फायरिंग की योजना बनाने का आरोपी है तुषार घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी अमन कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल तुषार से पूछताछ की। मीडिया से बातचीत में एसपी ने बताया कि तुषार मिश्रा मतवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी का आरोपी है। वह राहुल दुबे गैंग का सदस्य है। एसपी के अनुसार, होटल में गोलीबारी की योजना तुषार ने ही तैयार की थी। उसने जेल में रहते हुए भी फायरिंग की साजिश रची थी। उसी योजना के तहत हजारीबाग में अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर गोलीबारी की घटनाओं के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। ठीक होने के बाद होगी विस्तृत पूछताछ एसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में तुषार ने होटल फायरिंग की घटनाओं की योजना बनाने से जुड़ी जानकारी दी है। हालांकि, पुलिस अभी उससे विस्तृत पूछताछ नहीं कर सकी है। फिलहाल पैर में चोट लगने के कारण उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे दोबारा पूछताछ करेगी। जांच में गोलीबारी की घटनाओं की योजना, इसमें शामिल अन्य लोगों और राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि जेल में रहते हुए तुषार किस तरह गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में था और घटनाओं को अंजाम देने की योजना कैसे तैयार की गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link