![]()
जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पांच नारायणपुर थाना क्षेत्र और पांच मिहिजाम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप जब्त किया है। बुधवार को एसपी शंभू कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध अमित रवीदास के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। मंगलवार को टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी में पानी की टंकी के पास छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। टेलीकम्युनिकेशन से मिली सूचना के आधार पर मिहिजाम क्षेत्र में छापा मारकर पांच अन्य लोगों को पकड़ा गया। दोनों मामले साइबर थाना कांड संख्या 77/26 और 76/26 के तहत दर्ज हैं। कांड संख्या 77/26 में साजिद अंसारी (23), सागिर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) गिरफ्तार हुए हैं। ये सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंदरचुआं गांव के रहने वाले हैं। कांड संख्या 76/26 में संजय मंडल, राजू मंडल, टुनटुन मंडल, धीरज कुमार साव और रवीसन मुर्मू गिरफ्तार हुए हैं। संजय मंडल, राजू मंडल और टुनटुन मंडल मिहिजाम थाना क्षेत्र के लीलानगर कानगोई के रहने वाले हैं। धीरज कुमार साव मिहिजाम के हिल रोड और रवीसन मुर्मू जामताड़ा थाना क्षेत्र के बीरग्राम का रहने वाला है। फर्जी कस्टमर केयर नंबर से करते थे ठगी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डाल देते थे। इसके बाद उपभोक्ताओं के कॉल करने पर उन्हें एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड करवाते थे। इसके माध्यम से बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। इसके अलावा आरोपी अपने नाम से चार-पांच से अधिक सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। साइबर अपराधियों को सहयोग करने वाले भी पुलिस के निशाने पर एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों को अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले लोगों को भी पुलिस ने चिन्हित किया है। ऐसे लोग साइबर अपराधियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने और अन्य माध्यमों से सहयोग करने का काम करते हैं। पुलिस ने इनके नाम भी चिन्हित कर लिए हैं। ऐसे लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द सुनिश्चित की जाएगी। एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में साइबर अपराधियों और उन्हें सहयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब तक 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार एसपी ने बताया कि जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 170 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 410 मोबाइल फोन, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप, 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान साइबर डीएसपी अमित रविदास, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, हीरालाल महतो सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
Source link