![]()
टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत रहे सुबोध पात्रो (59) की मौत के बाद उनके बेटे को स्थायी नौकरी देने की मांग पर चार दिनों से चल रहा आंदोलन बुधवार देर रात समाप्त हो गया। 24 घंटे तक उत्पादन ठप रहने और झामुमो के आंदोलन में शामिल होने के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिजनों की मांग मान ली। रात करीब 8 बजे जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी की मौजूदगी में प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत परिवार को करीब 73 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही मृतक की नौकरी की शेष अवधि तक हर महीने 33 हजार रुपए मिलेंगे। एक आश्रित को एक साल तक कंपनी में प्रशिक्षण देने के बाद स्थायी नौकरी दी जाएगी। सहमति बनने के बाद मुख्य गेट समेत कंपनी के अन्य गेटों पर चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया। सुबोध पात्रो की मौत 21 नवंबर की रात 10 बजे हुई थी। परिजनों की मांगों को लेकर आंदोलन के कारण उनका शव तब से शीतगृह में रखा था। समझौता होने के बाद गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। चार दिन से चल रहा आंदोलन देर रात खत्म; 400 वाहनों नहीं हो सका उत्पादन प्रबंधन पर दबाव बढ़ा तो फिर शुरू हुई वार्ता
आंदोलन के कारण मंगलवार रात 10 बजे से बुधवार तक कंपनी में उत्पादन पूरी तरह बंद रहा। बुधवार सुबह ए शिफ्ट में ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों को गेट पर ही रोक दिया गया। ट्रांसपोर्ट विभाग के जरिए उन्हें वापस भेजा गया। बी शिफ्ट में भी वार्ता सफल नहीं होने पर कर्मचारियों को प्रवेश नहीं मिला। इस दौरान रोजाना औसतन बनने वाले करीब 400 वाहनों का उत्पादन नहीं हो सका। उत्पादन ठप होने से प्रबंधन पर दबाव बढ़ा और देर शाम फिर वार्ता शुरू हुई। 27 नवंबर से शुरू होगा उत्पादन
टाटा मोटर्स में 26 नवंबर को ब्लॉक क्लोजर रहेगा। कंपनी ने 16 नवंबर को कर्मचारियों से काम कराया था। इसके बाद निर्धारित अवधि में ब्लॉक क्लोजर देने के तहत 26 नवंबर को प्लांट बंद रहेगा। अब 27 नवंबर की सुबह से उत्पादन शुरू होगा।
ड्यूटी के दौरान घायल हुए थे सुबोध
टेल्को कॉलोनी के एम-50 निवासी सुबोध पात्रो के परिजनों के अनुसार, 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से उनके कंधे और सिर में गंभीर चोट लगी थी। परिजनों का आरोप है कि कंपनी ने दुर्घटना को इंजरी ऑन ड्यूटी (आईओडी) के रूप में दर्ज नहीं किया और 18 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दे दी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती गई। करीब छह महीने तक उनका इलाज चला और वे आईसीयू में भी भर्ती रहे। 21 नवंबर को उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने कहा- कंपनी ने हमारी मांग मान ली
मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने कहा कि कंपनी ने स्थायी नौकरी देने की मांग मान ली है। इसके लिए वे प्रबंधन, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले बंटी सिंह और सहयोग करने वाले झामुमो नेताओं के आभारी हैं। उनकी मांगें जायज थीं। विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि झामुमो गरीबों और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ती है। मांगें नहीं मानी जातीं तो आंदोलन और तेज किया जाता। कंपनी ने मांगें मानकर मजदूरों को उनका हक दिया है।
Source link