![]()
भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धालभूमगढ़ परिसर में बुधवार को रक्तदान शिविर लगा। उद्घाटन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हांसदा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपीनाथ माहली, बीएएम गोपीनाथ दास, बीपीएम अभय सिंह ने दीप जलाकर किया। शिविर में 19 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। सदर अस्पताल ब्लड बैंक की टीम ने रक्त को सुरक्षित रूप से प्राप्त किया। उद्घाटन के बाद डॉ. गोपीनाथ माहली ने कहा कि रक्तदान महादान है। समय पर किया गया रक्तदान किसी की अनमोल जान बचा सकता है। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से शरीर में कमजोरी नहीं आती। यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। उन्होंने युवाओं और आम लोगों से आगे आकर रक्तदान की अपील की। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी जुटे रहे। मौके पर कुड़मी संस्कृति विकास समिति के सपन कुमार महतो, गोपीनाथ दास, अभय सिंह, विनय कृष्ण प्रामाणिक, प्रबीर कुमार मंडल समेत स्वास्थ्य केंद्र के कई डॉक्टर, कर्मी मौजूद रहे। रक्त संग्रहण सदर अस्पताल ब्लड बैंक की विशेष टीम ने किया। टीम ने दाताओं की जांच के बाद रक्त लिया। अंत में अतिथियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने रक्तदाताओं का आभार जताया। उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
Source link